हिसार। राजीव नगर की गली नंबर-4 में प्रॉपर्टी डीलर रविंद्र की सिर में सुआ घोंपकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही 12 क्वार्टर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार करीब 45 वर्षीय रविंद्र ढाका अग्रोहा मोड़ पर प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था। रविंद्र बुधवार शाम करीब साढ़े आठ बजे अपने कार्यालय से घर जा रहा था। उस दौरान उसकी पत्नी ने फोन कर कहा कि उसे बुखार है व दवा लेते आए। उसके बाद रविंद्र दवा लेकर हिसार बस अड्डे से एक ई-रिक्शा में सवार हुआ। रात करीब 9 बजे वह 12 क्वार्टर चौकी के करीब 150 मीटर दूरी पर पहुंचा तो ई-रिक्शा चालक से किराये को लेकर झगड़ा हो गया। तैश में आकर ई-रिक्शा चालक ने रविंद्र के सिर पर सात से आठ बार सुएं से वार कर उसे घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। काफी देर तक जब रविंद्र घर नहीं पहुंचा तो उसकी पत्नी ने उसे कॉल की, जिसे पुलिस कर्मियों ने उठाया। उन्होंने बताया कि रविंद्र को अस्पताल में दाखिल कराया है। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविंद्र का एक बेटा और एक साल की बेटी है। पुलिस वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। सूत्रों की मानें तो वारदात के समय ई-रिक्शा चालक के साथ दो-तीन अन्य लोग भी थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।