हिसार। बेसहारा पशु लगातार सड़कों पर हादसों का सबब बन रहे हैं। मंगलवार देर रात करीब 10 बजे अग्रोहा-ढंढूर मार्ग पर चिकनवास के पास अचानक गाय आने से इको गाड़ी पलट गई। हादसे में गाड़ी में बैठे तीन युवकों को मामूली चोट आई हैं। वहीं गाय की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इको गाड़ी से टकराने के बाद गाय ट्रक से जा टकराई।
सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। उल्लेखनीय है कि तीन दिन पहले सेक्टर-14 में रात के समय अचानक गाय आने से एक कार पलट गई थी। इसमें एक युवक को चोट आई थी और हादसे में गाय की मौत हो गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद प्रशासन मौन है। ब्यूरो