हिसार। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रधान प्रमोद जांगड़ा के नेतृत्व में अध्यापकों के लंबित कार्यों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी से मुलाकात की। अध्यापक संघ के जिला सचिव पवन कुमार ने बताया कि अध्यापकों को एसीपी, एलटीसी व वेतन सहित अनेक मुद्दों को लेकर काफी परेशानी का सामना करना करना पड़ रहा है।
अध्यापक संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि अध्यापकों के एलटीसी के मामले जिला स्तर पर लंबित है। उन्होंने बताया कि लगभग आधा महीना बीत जाने के बाद भी बहुत से अध्यापकों को फरवरी माह का वेतन नहीं दिया गया है। वेतन न मिलने के कारण अध्यापकों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में एसीपी के मामले काफी समय से लंबित हैं। जिला सचिव पवन कुमार ने बताया कि यदि अध्यापकों की समस्याओं का समाधान समय पर नहीं किया जाता है तो अध्यापक संघ इसको लेकर कड़ा कदम उठाने को मजबूर होगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी शिक्षा विभाग अधिकारियों की होगी। प्रतिनिधि मंडल में अध्यापक संघ के राज्य महासचिव प्रभु सिंह, जिला सचिव पवन कुमार, कृष्ण कुमार, राजेंद्र कुमार व विनोद प्रभाकर शामिल रहे।