हिसार। जिले में टीबी मरीजों का आंकड़ा दिनोंदिन लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले सितंबर माह से स्वास्थ्य विभाग टीबी जांच अभियान चला रहा है। इस दौरान 182 लोगों के सैंपल लिए गए थे, जिनमें 13 टीबी संक्रमित मिले। अभियान एक नवंबर तक चलेगा। स्वास्थ्य विभाग ने 50 हजार से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की थी, उनमें से छंटनी कर यह मरीज निकाले हैं।
अब विभाग टीबी की रोकथाम के लिए जगहों की छंटनी कर लक्ष्य बनाकर जांच कर रहा है। विभाग ने ईंट भट्टे, निर्माणाधीन जगह, स्लम एरिया, इंडस्ट्रीज, हाई रिस्क एरिया और जेल में अभियान चला रहा है। इसके अलावा विभाग जीत प्रोग्राम के तहत जिलेभर में सुप्त टीबी (छुपा हुआ) की पहचान के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा है। यह टेस्ट पहले टीबी मरीजों के संपर्क में आए लोगों का किया जाएगा, जिससे टीबी बनने से पहले ही इलाज देकर रोका जा सकेगा। यह एक अत्याधुनिक टेस्ट है, जिसमें पता चलता है कि मरीज को टीबी हो सकता है या नहीं।
टेस्ट प्रकिया में किए बदलाव
उच्च अधिकारियों की ओर से टीबी को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ पिछले सप्ताह में दो बार बैठक हो चुकी है। विभाग ने टीबी के टेस्ट में कई बदलाव किए है। इसलिए निजी अस्पतालों के टीबी विभाग के स्टाफ को ट्रेनिंग दी गई है। जैसे कि कौन सा टेस्ट करना है या किन लक्षणों की पहचान करनी है। हर मरीज के परिजनों की पूरी डिटेल दर्ज कर विभाग को सांझा करे।
वीक वाइज कहां कितने टेस्ट किए
जगह स्क्रीनिंग सैंपल पॉजिटिव
स्लम एरिया 54374 67 06
जेल 26100 01 01
इंडस्ट्रीज 7104 57 05
निर्माणाधीन जगह 8500 57 01
एआरटी सेंटर में जल्द होगी भर्तियां
एचआईवी विभाग में एआरटी सेंटर से लेकर आईसीटीसी में खाली पड़े 11 पदों पर जल्द ही भर्तियां होंगी। पेपर के बाद 100 अभ्यर्थी की छंटनी हुई है। इन्हीं में से काउंसलर, एलटी व स्टाफ नर्स ली जानी हैं। मंगलवार शाम को इनकी छंटनी कर ली गई है। बुधवार तक ज्वाइनिंग लेटर दे दिया जाएगा। एआरटी सेंटर पर काउंसलर, एलटी व स्टाफ नर्स के एक-एक पद है।
मंगलवार को योग्यता के आधार पर 100 अभ्यर्थियों की छंटनी हुई है। बुधवार शाम तक ज्वाइनिंग लेटर दे दिया जाएगा। हमारी ओर से टीबी के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। मरीजों की पहचान की इलाज शुरू किया जा रहा है। - डॉ. कुलदीप डाबला, कार्यकारी डिप्टी सीएमओ, जिला क्षय रोग विभाग, हिसार