हिसार। एसटीएफ टीम ने जिला महेंद्रगढ़ के अति वांछित अपराधी 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश सुरेंद्र उर्फ सोनू को कैथल से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी सुरेंद्र हांसी के भाटोल गांव का रहने वाला है। एसटीएफ ने पूछताछ के बाद आरोपी को महेंद्रगढ़ पुलिस के हवाले कर दिया।
एसटीएफ निरीक्षक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली की महेंद्रगढ़ जिले में 7 जनवरी 2020 को धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। हांसी का भाटोल निवासी और आरोपी सुरेंद्र क्रेडिट धोखाधड़ी मामले में फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रेवाड़ी साउथ रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने पांच हजार रुपये का इनाम रखा था। टीम ने आरोपी को कैथल से गिरफ्तार कर उसे महेंद्रगढ़ पुलिस के हवाले कर दिया। एसटीएफ टीम में एएसआई कृष्ण कुमार, एचसी सुनील कुमार, एचसी विरेंद्र सिंह, अमित कुमार और विजय कुमार शामिल थे।