गुजवि में एनएसएस के राज्यस्तरीय शिविर के शुभारंभ समारोह में कुलपति प्रो. बीआर काम्बोज व अन्य अधि?
- फोटो : Hisar
हिसार। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना का राज्यस्तरीय शिविर बुधवार को आरंभ हो गया। शिविर में प्रदेश के 26 संस्थानों (विश्वविद्यालयों व संबद्ध कॉलेजों) के करीब 200 विद्यार्थी पहुंचे हैं, जो सात दिनों तक विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। विश्वविद्यालय के चौधरी रणबीर सिंह सभागार में राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय शिविर के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विवि के कुलपति प्रो. बीआर काम्बोज ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कुलपति ने कहा कि राष्ट्र के प्रति सेवा केवल एक सर्टिफिकेट नहीं है, बल्कि सेवा स्वयंसेवक के व्यवहार में झलकनी चाहिए। राष्ट्र की सेवा श्रेष्ठ सेवा है। राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से स्वयंसेवक न केवल व्यक्तिगत विकास करता है, बल्कि अपने गांव, राज्य, समाज व राष्ट्र के उत्थान में भी अमूल्य योगदान देता है। राज्य स्तरीय एनएसएस शिविर की थीम ‘आत्मनिर्भर भारत’ रखी गई है। कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. अवनीश वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्टेट एनएसएस ऑफिसर भगत सिंह भी उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डा. अनिल भानखड़ ने की।
विवि को चुना जाना गौरव की बात :
कुलसचिव प्रो. अवनीश वर्मा ने कहा कि यह शिविर प्रतिभागियों के लिए अत्यंत उपयोगी होगा। इस शिविर के लिए गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय हिसार का चुना जाना इस विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है। यह शिविर 23 नवंबर तक चलेगा। प्रथम दिन स्वयंसेवकों के पंजीकरण के बाद स्वयंसेवकों को शिविर की सम्पूर्ण रूपरेखा से अवगत कराया गया। देर शाम को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया गया। धन्यवाद प्रस्ताव डा. अंजु गुप्ता ने प्रस्तुत किया।
गुजवि में एनएसएस के राज्यस्तरीय शिविर में आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्त?- फोटो : Hisar