हांसी: दवा मामले को लेकर मसूदपुर में बैठक के बाद एकता प्रदर्शित करते ग्रामीण।
- फोटो : Hisar
हिसार। हांसी के मसूदपुर गांव के रहने वाले किसान सुरेश के खेत में बने कुएं से बरामद हुई सरकारी दवाइयों के मामले में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। हांसी और नारनौंद के सात एमओ आसपास की सीएचसी और पीएचसी का रिकॉर्ड चेक कर रहे हैं। अगर, इस जांच में भी कुछ नहीं मिलता तो सभी सरकारी अस्पतालों का रिकॉर्ड के अलावा वहां पर रखी हुई दवाइयों को चेक किया जाएगा। इस प्रक्रिया में एक सप्ताह का समय लग सकता है।
कार्यवाहक सीएमओ डॉ. जितेंद्र शर्मा ने बताया कि मंगलवार को गांव में गई टीम ने अपनी रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कुएं के अंदर से 14 प्रकार की दवाइयां मिली थी। उनकी लिस्ट बनाई है। इनमें से कुछ दवाइयां एक्सपायरी मिली हैं। दवाइयों पर जो बैच नंबर मिले हैं उनके आधार पर जांच की जा रही है। जिले के सात एमओ जांच कर रहे हैं। वे अपनी रिपोर्ट देंगे उसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
ग्रामीण बोले-3 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे बड़ा आंदोलन
मसूदपुर गांव में कुएं से सरकारी दवाएं मिलने के मामले में ग्रामीणों ने कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई है। बुधवार की शाम को ग्रामीणों ने बैठक कर प्रशासन को तीन दिन का वक्त दिया है। अगर इस अवधि में दोषियों का पता लगाकर कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे रोधी खाप के पूर्व प्रधान रोशन दलाल ने कहा कि जो दवाइयां गरीब जनता को मिलनी चाहिए थीं, उसको बर्बाद कर दिया। यह बड़े घोटाले की और इशारा करता है। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण हांसी के सिविल अस्पताल में धरना देंगे और सड़क जाम करेंगे।
वहीं एसएमओ डॉ. मीनू ढींगड़ा ने बताया कि बैच नंबर से स्टॉक का मिलान किया जा रहा है। रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। जल्दी ही सच्चाई से सभी को अवगत कराया जाएगा।