हिसार। गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (जीजेयू) में पिछले तीन दिनों से चल रहा इनसो के विद्यार्थियों का धरना बुधवार को पांच दिन के लिए स्थगित हो गया। इनसो चेयरमैन हरिंदर बैनीवाल ने बताया कि जीजेयू वीसी प्रो. बीआर कांबोज ने धरनारत विद्यार्थियों की मांगें 5 दिन में पूरा करने का आश्वास दिया है। वीसी के आश्वासन के बाद विद्यार्थी धरने से उठ गए। इससे पहले जब सुरक्षा कर्मी विद्यार्थियों को वीसी कार्यालय की ओर जाने से रोकने लगे तो उनके बीच धक्का-मुक्की भी हुई। हरिंदर ने कहा कि इसी महीने में नैक की टीम आने वाली है अगर यही हाल रहा तो यूनिवर्सिटी का ग्रेड घट सकता है।
वहीं प्रदर्शन की सूचना पर विद्यार्थियों से बातचीत करने के लिए एएसपी पूजा वशिष्ठ मौके पर पहुंचीं। विद्यार्थियों ने एएसपी को अपनी मांगों के बारे में बताया। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे छात्र नेता हरिंदर बैनीवाल ने कहा कि यूनिवर्सिटी के मौजूदा हालात खराब है। विद्यार्थियों से लेकर शिक्षक व कर्मचारी परेशान हैं। समय पर विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम नहीं आते, जो परीक्षा परिणाम आते हैं तो उनमें कमियां होती हैं। उन्होंने कहा कि अगर पांच दिन में हमारी मांगें पूरी नहीं हुई तो एक बार फिर प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा।