हिसार। सरसाना गांव के दुकानदार सीताराम की दुकान में पर्ची डालकर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रुपये न देने पर दुकानदार और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। इस संबंध में बालसमंद पुलिस चौकी ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में सीताराम ने बताया कि घर के सामने खल-बिनौले और किराना की दुकान है। शुक्रवार सुबह 6 बजे दुकान खोलने के लिए गया तो एक पर्ची मिली। पर्ची में लिखा था कि सेठ जी राम-राम, आपका बहुत बड़ा कारोबार है, 5 दिन में 20 लाख रुपये तैयार रखना। अगली पर्ची 5 दिन बाद आएगी, अगर कोई होशियारी की तो जान से मार दूंगा। पुलिस में खबर करने की सोचना भी मत। पैसे कहां देने हैं, अगली पर्ची में बताऊंगा, धन्यवाद। एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।