डेंगू का प्रभाव कम करने के लिए फॉगिंग करता कर्मचारी।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। जिले में डेंगू जानलेवा भी साबित हो रहा है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने 22 वर्षीय युवती की डेंगू से मौत होने की पुष्टि की है। युवती का रोहतक के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। पिछले 20 में जिले में यह डेंगू से दूसरी मौत है। वहीं, शहर में दो और डेंगू आशंकित मरीजों मौत हुई हैं, जिनमें एक 12 वर्षीय बच्ची शामिल है। दम तोड़ने वाले ये दोनों मृतक भी रोहतक के निजी अस्पताल में भर्ती थे। हालांकि उनकी मौत डेंगू से हुई है या इसका कोई दूसरा कारण है, इसकी स्वास्थ्य विभाग जांच कर रहा है।
इस साल जिले में डेंगू के केस ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 2020 में जिले में 138 लोगों को डेंगू हुआ था, लेकिन किसी की मौत नहीं हुई थी। इस साल अब तक दो मौतें हो चुकी हैं। 20 दिन के अंतराल में इन दोनों मौतों की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार शहर निवासी एक 22 वर्षीय युवती की रोहतक के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसकी मेडिकल हिस्ट्री जांची गई तो उसके डेंगू पीड़ित होने की पुष्टि हुई। हालांकि उक्त युवती को परिजन सिविल अस्पताल की बजाय सीधे रोहतक के निजी अस्पताल में ले गए थे और इसके चलते उसका डाटा विभाग के पास नहीं था। युवती की संदिग्ध हालात में मौत की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके घर पहुंची और उसे दिए गए उपचार व रिपोर्ट की जांच की तो मौत का कारण डेंगू मिला। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार शहर में दो और डेंगू आशंकित मौतें हुई हैं और उनके कारण का पता लगाने के लिए विभाग उनका रिकॉर्ड भी जांच रहा है। एक या दो दिन में इन दो मौतों पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
रविवार को मिले 11 नए मरीज
रविवार को जिले में डेंगू के 11 नए मरीज मिले हैं। शहर में इस साल तीन सौ से अधिक मरीज मिल चुके हैं। गांवों के मुकाबले शहर में डेंगू के मरीज ज्यादा मिल रहे हैं और मानसून की बारिश में कई दिनों तक बनी जलभराव की स्थिति इसका कारण मानी जा रही है। इस साल स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग भी काफी तेज की है और 21 नवंबर तक जिले से डेंगू जांच के लिए 1230 सैंपल लिए जा चुके हैं। रविवार को 23 नए सैंपल लिए गए हैं और अब 22 सैंपलों की रिपोर्ट लंबित हैं। इस साल जिले में अब तक 489 लोग डेंगू का शिकार बने हैं जिनमें से दो की मौत हुई है।
नवंबर में लगातार सामने आ रहे डेंगू केस
तारीख कितने केस मिले
एक नवंबर 14
दो नवंबर 16
तीन नवंबर 10
चार नवंबर 13
पांच नवंबर 14
छह नवंबर 14
सात नवंबर 10
आठ नवंबर 12
नौ नवंबर 25
दस नवंबर 17
11 नवंबर 13
12 नवंबर 11
13 नवंबर 13
14 नवंबर 14
15 नवंबर 6
16 नवंबर 20
17 नवंबर 10
18 नवंबर 30
19 नवंबर 15
20 नवंबर 19
21 नवंबर 11
अब तक जिले में डेंगू के 489 मरीज मिल चुके हैं, जबकि दो की मौत हो चुकी है। सैंपलिंग प्रक्रिया लगातार जारी है और हम शहर में विभिन्न जगहों पर भरे पानी की निकासी भी कर रहे हैं ताकि डेंगू का प्रभाव कम हो।
- डॉ. गौरव भारद्वाज, डेंगू नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ