रतिया। गांव सरदारेवाला की पशु बिक्री मंडी में पशु व्यापारियों पर हमला कर लाखों रुपये लूटने के प्रयास व हत्या के मामले में आरोपी हिसार के गांव ढंढूर निवासी सुरेश कुमार को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया है। वहीं, पुलिस को इस मामले में तीसरे आरोपी हिसार निवासी सुमित उर्फ काली की तलाश कर रही है। पुलिस एक आरोपी सरवरपुर निवासी बलजीत को जेल भेज चुकी है।
बता दें कि 23 जनवरी शाम को गांव सरदारेवाला गांव में लगने वाली पशु मंडी में तीन लुटेरे एक बाइक पर सवार होकर आए और गांव नंगल निवासी पशु व्यापारी उपदेश उर्फ दाऊ तथा धोलू से पिस्तोल के बल पर करीब 6 लाख रुपये लूट लिए और भागने लगे। शोर सुनकर ग्रामीणों ने लुटेरों को घेर लिया। इस दौरान दो लुटेरों को पकड़ लिया गया जबकि एक लुटेरा सुमित उर्फ काली फरार हो गया था। वहीं व्यापारियों के सहयोगी जिशान ने जब उसे पकड़ा चाहा तो आरोपी ने उसे धक्का मार दिया था, नीचे गिरने से उसकी मौत हो गई थी।