हिसार। नियाणा-खरड़ गांव के बीच वीरवार देर शाम बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाश सराफ विजय सोनी पर लाठी से हमला कर नकदी, जेवर, मोबाइल लूटकर फरार हो गए। एसएचओ सुरेश ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
खरड़ के विजय सोनी ने बताया कि वह नियाणा में सोने के गहनों की दुकान चलाते हैं। वीरवार शाम को करीब साढ़े सात बजे दुकान बढ़ाकर करीब डेढ़-दो तोले सोना लेकर बाइक पर घर जा रहे थे। वह नियाणा व खरड़ के बीच ईंट भट्ठे के पास पहुंचे तो पीछे से एक बाइक पर चार नकाबपोश आये। बदमाशों ने उनको बाइक साइड में लगाने को कहा।
उन्होंने बाइक साइड में लगाई तो बदमाशों ने उन पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। जिससे उनका हेलमेट टूट गया और शरीर पर चोटें लगीं। उसके बाद बदमाश उनसे करीब 9500 रुपये, डेढ़-दो तोले सोना व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। सराफ ने बताया कि बाइक सवार को रुकवाकर उससे फोन लेकर बेटे नीरज से संपर्क किया। उनका बेटा मौके पर आया और डायल 112 पर कॉल कर वारदात की सूचना दी। उसके बाद सदर थाना प्रभारी सुरेश कुमार और डायल 112 टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर संदिग्धों की पहचान के लिए प्रयास किए।