अमृत योजना की ग्रांट में से पटेल नगर आरयूबी के लिए 2 करोड़ 5 लाख रुपये मंजूर हो गए हैं। नगर निगम इस ग्रांट में से आरयूबी के लिए पैसा निकालेगा। नगर निगम में अमृत योजना के तहत करीब 7 करोड़ रुपये से अधिक की राशि आई हुई है। इसको लेकर डीसी निखिल गजराज मंगलवार को मीटिंग लेंगे। इस बैठक में नगर निगम के अधिकारी व पब्लिक हेल्थ के अधिकारी शामिल होंगे।
इन कॉलोनियों को होगा फायदा
सेक्टर 16-17, सेक्टर 13, सेक्टर 15, हरिदास नगर, पटेल नगर, 8 मरला कॉलोनी, गांधी डेयरी कॉलोनी, मॉडल टाउन, सीआईडी कॉलोनी, संजय नगर, एडवोकेट कॉलोनी, चंद्रलेन कॉलोनी, मनोहर कॉलोनी के लोगों को फायदा होगा। इस एरिया में करीब 30 हजार आबादी को फायदा मिलेगा।
20 साल पुरानी है मांग, अब होगी पूरी
पटेल नगर आरयूबी के को लेकर क्षेत्रवासी 20 साल से भी अधिक समय से मांग उठा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने इसको लेकर खूब प्रयास किए। सीपीएस कमल गुप्ता ने पटेल नगर आरयूबी के लिए रेलवे अधिकारियों के साथ भी इस एरिया का दौरा किया था।
नगर निगम करेगा देखरेख
अमृत योजना की इस ग्रांट का पैसा किन किन कार्यों के लिए आया है इसको लेकर मंथन होगा। अधिकारियों का कहना है कि यह पैसा एक बार निगम के खाते में डाले जाएंगे। इसके बाद आरयूबी की एस्टीमेट के हिसाब से करीब 2 करोड़ 5 लाख 64 हजार 272 रुपये बीकानेर मंडल को भेज दिए जाएंगे। यह काम निगम की निगरानी में होगी।
मांग कई सालों से है। पिछली सरकारों की नाकामी रही है। सीपीएस साहब ने पेमेंट पास करवाई है। उनका तहेदिल से धन्यवाद। नलवा हलके से चुनाव लड़ने वालों ने भी ये आरयूबी बनवाने का वायदा किया था उन्होंने तो इसकी तरफ पलट कर भी नहीं देखा। प्रो संपत सिंह ने भी इसके लिए अधिक प्रयास नहीं किए।
- डॉ. महेंद्र जुनेजा, पार्षद वार्ड 14
कई योजनाओं का पैसा आया है। पटेल नगर आरयूबी हमारी प्राथमिकता है। इसको लेकर हमने पहले से ही सरकार को लिखा हुआ था। जल्द ही आरयूबी पर काम शुरू करवाएंगे।
- कमल गुप्ता, सीपीएस हरियाणा
हमने अमृत योजना में पटेल नगर आरयूबी की ग्रांट मांगी थी। इस योजना में इसका पैसा आया हुआ है। फाइनल फैसला मंगलवार को होगा। किस काम के लिए कितना पैसा मंजूर हुआ है इसको लेकर डीसी साहब के साथ पब्लिक हेल्थ व निगम अधिकारियों की बैठक होगी।
- रामजीलाल, एक्सईएन नगर निगम