हांसी। बाबा बंदा बहादुर कॉलोनी में एक प्लॉट के नाम उमरा निवासी व्यक्ति से 21 लाख रुपये ठगने के आरोप में एक महिला सहित दो के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरोपियों ने व्यक्ति से रुपये लेकर प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं कराई और न ही प्लॉट पर कब्जा दिलाया।
पुलिस को दी शिकायत में उमरा निवासी जितेंद्र ने बताया कि वह और संदीप कुमार पार्टनर हैं। जयभगवान प्रॉपर्टी डीलर नरेंद्र सिंह के पास आया। उसने कहा कि उसकी माता के नाम 234 वर्ग गज का एक प्लॉट रेलवे रोड पर बाबा बंदा बहादुर स्कूल के पास है। इसके बाद नरेंद्र सिंह प्रॉपर्टी डीलर ने उनसे संपर्क किया और उसे प्लॉट के बारे में बताया। जयभगवान ने प्लॉट का सौदा 21 लाख 6 हजार रुपये में उनके पार्टनर संदीप कुमार की पत्नी वर्षा से किया। इसमें से साढे़ आठ लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से दिए और 12 लाख 56 हजार रुपये नकद प्राप्त कर लिए। जब प्लॉट का कब्जा लेने के लिए मौका पर गए तो वहां पर उनको कब्जा न मिला। जिस पर जयभगवान से संपर्क किया तो वह टाल-मटोल करने लगा। इस बारे में कई बार पंचायत भी हुई। पुलिस ने मुंढाल निवासी जयभगवान व बांडाहेडी निवासी दर्शना के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया।