बरवाला। खरकड़ा मार्ग पर मजूदरों के साथ हुई लूट के मामले में पुलिस ने गांव खरकड़ा के अन्य तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गांव खरकड़ा के बस अड्डे से उस समय काबू किया जब वे गांव से भागने की फिराक में थे। पकड़े गए तीनों आरोपी गांव खरकड़ा के विजय उर्फ मिठू, प्रवीन उर्फ बिंटू व अकबर हैं।
पुलिस ने सोमवार को तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया है। बता दें, कि इसी मामले के एक आरोपी मनोज को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मामले के जांच अधिकारी एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड व लूटी गई राशि में से कुछ राशि बरामद कर ली है। जबकि पहले पकड़े गए आरोपी मनोज से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की थी। बता दें कि 20 दिसंबर की रात को उत्तर प्रदेश के जिला चित्रकूट के गांव तीर घुमाई निवासी लोटन जोकि एक भट्ठे पर मजदूरी करता है ने शिकायत दी थी कि वह और उसका साथी चंद्रभान दोनों दोपहर दो बजे खरकड़ा से बरवाला की तरफ पैदल आ रहे थे। इस दौरान बीच रास्ते में कच्चे रास्ते की तरफ से एक बाइक पर सवार चार युवक उनके पास आए, उन्होंने दोनों का रास्ता रोककर हाथापाई की, मारपीट की व लोटन की जेब से नकदी निकाल ली और मोटर साइकिल पर सवार होकर फरार हो गए थे।