हिसार। योग नगर में बेसहारा गाय ने सेवानिवृत्त फूड इंस्पेक्टर को टक्कर मारने व पैरों से रौंदकर घायल कर दिया था। मामले में 24 घंटे के बाद भी बुजुर्ग को पूरी तरह से होश नहीं आया है। वह अभी भी परिजनों को पहचान नहीं पा रहे हैं। हालांकि उन्होंने हल्का खाना-पीना शुरू कर दिया है। बुजुर्ग को आईसीयू से एचडीयू में शिफ्ट कर दिया गया है। बता दें कि वीरवार दोपहर को योग नगर में एक बेसहारा गाय ने 6 साल के बच्चे को उठाकर पटक दिया था। वहीं बच्चे को बचाने आए उसके 69 वर्षीय नाना व सेवानिवृत्त फूड इंस्पेक्टर राजकुमार खट्टर को भी गाय ने उठाकर पटकने के अलावा उन्हें पैरों से रौंद दिया था। इस हादसे में राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस दौरान उनके सिर, चेहरे व हाथ पर चोटें आईं थी। चेहरे पर चार टांके भी लगे थे। वह शहर के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
न तो बात कर रहे और न ही पहचान रहे
राजकुमार खट्टर की पत्नी संतोष खट्टर ने बताया कि उन्होंने आंखे खोल ली हैं, लेकिन अभी किसी को पहचान नहीं पा रहे हैं और न ही कुछ बोल रहे हैं। हालांकि उन्होंने हल्का खाना-पीना शुरू कर दिया है। चिकित्सकों ने उनका सीटी स्कैन भी किया। सीटी स्कैन रिपोर्ट के अनुसार उनके सिर में खून के थक्के और ज्यादा फैले नहीं हैं। चिकित्सकों का कहना है कि अब उनकी हालत खतरे से बाहर है। इसी को देखते हुए उन्हें आईसीयू से एचडीयू में शिफ्ट कर दिया है।