हिसार। जिले में कोरोना के बाद अब डेंगू के केस कम मिलने से कुछ राहत है। मंगलवार को करीब 52 दिन बाद डेंगू का सिर्फ एक केस मिला। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि जिले में अब सक्रिय मरीज 25 हैं, जिनका उपचार जारी है।
उन्होंने बताया कि अभी तक 4973 डेंगू आशंकित लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें से 918 लोग डेंगू ग्रस्त मिले। अब तक 892 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। डेंगू के सामान्य रूप से देखे जाने वाले लक्षणों में मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, तेज बुखार, उल्टी आना और चक्कर महसूस होना। इनमें से कोई भी लक्षण महसूस करते हैं तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क कर इलाज शुरू करवा लें।
उधर, जिला कोरोना मुक्त है। जिला सर्विलांस अधिकारी एवं आईडीएसपी इंचार्ज डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि मंगलवार को कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। रिकवरी रेट 97.89 प्रतिशत है। जिले में अभी तक 7 लाख 73 हजार 164 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिसमें संक्रमण के कुल 53 हजार 996 मामले सामने आ चुके हैं। अब तक कुल 52 हजार 856 लोग कोरोना से रिकवर हो चुके हैं।