पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश।
हिसार। मसूदपुर गांव स्थित पेट्रोल पंप पर रविवार दोपहर ढाई बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। 30 सेकेंड में पंप के दो कारिंदों के सीने पर पिस्तौल लगाकर आरोपी दो लाख, 5 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट फरार हो गए। वारदात के बाद बदमाश पिस्तौल लहराते हुए मौके से फरार हो गए। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर हांसी के डीएसपी, सदर थाना प्रभारी, सीआईए की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
एक घंटे पहले बाइक में तेल डलवा की थी रेकी
मसूदपुर गांव के रहने वाले सुरेंद्र ने बताया कि गांव से पास ही चौधरी जयपाल दलाल किसान केंद्र (पेट्रोल पंप) है। पंप पर योगेश और पवन सेल्समैन हैं। रविवार को ढाई बजे बाइक पर सवार दो बदमाश आए। एक बदमाश ने मुंह पर काले रंग का मास्क जबकि दूसरे युवक ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। बाइक से उतरने के बाद दोनों केबिन में गए। अंदर जाने के बाद दोनों ने पिस्तौल निकाली और सेल्समैन योगेश व पवन के सीने पर लगा रुपये मांगे। रुपये न देने पर मारपीट की। फिर दो लाख 5 हजार रुपये व मोबाइल फोन लूट फरार हो गए। सेल्समैन ने बताया कि वारदात से एक घंटा पहले आरोपी रेकी के लिए बाइक में तेल डलवाकर ले गए थे।
बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आए थे बदमाश
लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश काले रंग की बाइक बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर आए थे। केबिन में जाने के 15 सेंकेड के बाद एक बदमाश हाथ में पिस्तौल लेकर बाहर आता है। 15 सेकेंड के बाद दूसरा बदमाश आता है। सफेद रंग की कमीज पहनने वाला युवक बाइक चलाता है और लाल रंग की टी शर्ट पहनने वाला युवक पीछे बैठता है। दोनों पिस्तौल लहराते हुए मौके से फरार हो जाते हैं। बाइक के पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं थी। आगे वाली नंबर प्लेट टूटी हुई थी, जिस पर एचआर 80 ए लिखा था।
पंप पर लूटपाट करने वाले बदमाशों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। पंप से मिली सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। कई टीमें आरोपियों को पकड़ने में लगी हैं। - सुमेर सिंह, सदर थाना प्रभारी, हांसी