हिसार। जनस्वास्थ्य विभाग खुले बरसाती की जगह एक हजार एमएम की उच्च घनत्व पॉलिथीन (एचडीपीई) पाइप बिछाएगा। उच्च दबाव पंपिंग के माध्यम से इन लाइन से शहर से बरसाती पानी की निकासी की जाएगी।
ये लाइन बरवाला बाईपास स्थित डिस्पोजल से लेकर एनएच-9, बगला रोड, एनएच-52 होते हुए हिसार मेजर ड्रेन तक बिछाई जाएगी। ये पाइप एक हजार एमएम की क्षमता के होंगे। इन पाइपों को करीब 11 किलोमीटर तक बिछाया जाएगा। इस योजना पर करीब 62.87 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस योजना की समय सीमा 18 माह निर्धारित की गई है।
इस योजना को सिरे चढ़ाने के लिए विभाग ने टेंडर लगा दिया है, जो 6 मार्च को खोला जाएगा। बता दें कि एचएसवीपी ने सेक्टर 33 सहित अन्य सेक्टरों के विस्तार करने के कारण कुछ बरसाती ड्रेनों को बंद कर दिया। इस कारण से बरवाला बाईपास से होते हुए एनएच-9, बगला रोड व एनएच 52 में एकत्रित होने वाला बरसाती पानी केंद्रीय भैंस अनुसंधान की जमीन पर एकत्रित किया जा रहा है। इस कारण से भैंस फार्म के साथ-साथ घोड़ा फार्म व सेक्टर 33 के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सेक्टर 14 व 33 में भी बिछाई जाएगी लाइन
एचएसवीपी ने सेक्टर 33 में गुजर रही बरवाती पानी की ड्रेन की जमीन का अधिग्रहण कर लिया था, जिस कारण जनस्वास्थ्य विभाग को बरसाती पानी की निकासी में परेशानी आ रही थी। इस योजना के तहत सेक्टर 14 व 33 के 45 फुट रोड के साथ-साथ यह पाइप बिछाई जाएगी, जो सेक्टर 14 पार्ट टू में प्रस्तावित बरसाती डिस्पोजल तक जाएगी।
जीजेयू के आगे बने नाले को ढका जाएगा
जीजेयू के आगे बने नाले को बरवाला बाईपास डिस्पोजल तक ढका जाएगा। फिलहाल यह हिस्सा खुला पड़ा है। नाले के खुला रहने से आसपास के क्षेत्र में बदबू भी फैली रहती है। इसके अलावा 40 एमएलडी क्षमता वाले ऋषि नगर एसटीपी से निकलने वाली हिसार ड्रेन को गांव शाहपुर के पास स्थित मल्टीपर्पज ड्रेन तक मजबूत किया जाएगा।
इस योजना को लेकर टेंडर लगा दिया है। इस योजना के पूरा होने से लोगों को काफी फायदा होगा। संजय दूहन, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग