हिसार। निजी बसों के चालक व परिचालक बेटियों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। कभी बेटियों को बीच रास्ते में उतार देते हैं तो कभी बदतमीजी से बात करते हैं। वीरवार को चार बेटियां परिचालक के खिलाफ शिकायत देने के लिए रोडवेज की ट्रैफिक ब्रांच पहुंची। यहां से उन बेटियों को आरटीए विभाग भेजा गया, जहां उन्होंने शिकायत दी।
रोडवेज में ट्रैफिक इंचार्ज जगदीश सैनी का कहना है कि उनके पास वीरवार को चार बेटियां आई थीं। बेटियों ने बताया कि बस बहल से हिसार आती है। वह बहल से बैठी थीं। बेटियों ने बताया कि उनका प्राइवेट बसों में भी बस पास मान्य है, मगर बस का परिचालक नहीं मान रहा था। हमारे साथ परिचालक ने दुर्व्यवहार किया। यहां तक कि परिचालक ने वीडियो बना लिया। ट्रैफिक इंचार्ज जगदीश सैनी ने बताया कि परिचालक के खिलाफ बीते सोमवार को भी कुछ लड़कियों ने शिकायत की थी।
मेरे पास बस के चालक-परिचालक के खिलाफ पहले भी शिकायत आई है। दोनों पक्षों को बुलाया जाएगा। शिकायत के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - सविंद्र सिंह, असिस्टेंट सेक्रेटरी, आरटीए विभाग