हिसार। समग्र शिक्षा विभाग की तरफ से जिले के पीएमश्री विद्यालयों के विद्यार्थियों की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से परीक्षा की तैयारी करवाई जाएगी। प्रतियोगिता में छठी से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। शिक्षा विभाग की तरफ से पीएमश्री स्कूलों को 50 हजार का बजट जारी किया गया है। इसी माह में यह प्रतियोगिता करवाई जाएगी।
एपीसी सुधीर ने बताया कि कक्षा छठी से 12वीं तक होने वाली क्विज प्रतियोगिता को तीन ग्रुप में बांटा गया है। कक्षा छठी से 7वीं और 8वीं से 10वीं व कक्षा 11 से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के बीच प्रतियोगिता होगी। विज्ञान और गणित के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिता होगी। हर वर्ग में दो-दो प्रतियोगिता करवाई जाएगी। प्रतियोगिता में प्रथम द्वितीय, तृतीय स्थान पर रहने वाले को नगद राशि दी जाएगी।
परीक्षा की तैयारी करवाना मकसद
उन्होंने बताया कि क्विज प्रतियोगिता करवाने का मकसद विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षा की तैयारी करवाना है। विद्यार्थियों से परीक्षा से जुड़े ही सवाल पूछे जाएंगे। इस प्रतियोगिता के माध्यम से परीक्षा की तैयारी भी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि दूसरे सरकारी स्कूल भी इससे प्रेरणा लेंगे। प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले विद्यार्थियों को 500, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 300 और तीसरे स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी को 200 का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। परीक्षा करवाने के लिए एक नोडल अधिकारी के साथ विज्ञान गणित के अध्यापक का होना अनिवार्य है।