जलभराव से परेशान लोगों ने घेरा कार्यालय, एसडीओ को सुनाई खरी-खरी
जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय में गेट पर दिया धरना, नारेबाजी कर जताया रोष
हंगामे के बाद मशीनों के साथ अधिकारी पहुंचे कॉलोनी, कार्य करवाया शुरू
बरवाला (हिसार)। शहर के वार्ड 4, 5, 6 व 8 के बाशिंदे पुराने जलघर वाली गली में पिछले लंबे समय से सीवरेज लाईनों से ओवरफ्लो होकर दूषित पानी के भराव से खासी परेशानियां झेलने पर मजबूर हैं। समस्या से परेशान लोग सोमवार को जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय के मेन गेट पर धरना लगाकर बैठ गए। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरनारत लोगों से मिलने विभाग के एसडीओ कुलदीप कोहाड़ पहुंचे तो क्षेत्रवासियों ने उन्हें खरी खोटी सुनाई। बाद में अधिकारी मशीनों सहित मौके पर पहुंचे व कार्य शुरू करवाया। कार्य शुरू होने की सूचना धरनारत क्षेत्रवासियों मिली तो उन्होंने विभाग के गेट पर लगाया गया धरना उठा दिया।
क्षेत्रवासियों का आरोप था कि पुराना जलघर क्षेत्र में मुख्य गली में पिछले लंबे समय से सीवरेज का दूषित पानी ओवरफ्लो होकर जमा हो जाता है। जिसके चलते राहगीरों व स्थानीय बाशिंदों का यहां से गुजरना मुश्किल हो जाता है। दूषित पानी के जमा होने चलते सड़क में गड्ढे पड़ गए हैं। जिसके कारण राहगीर चोटिल हो रहे हैं। यही नहीं लगातार दूषित पानी जमा रहने के कारण क्षेत्र में मच्छरों की भरमार हो गई है व बीमारियां फैलने लगी हैं। लेकिन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी समस्या से निजात दिलवाने की बजाए लीपा पोती में लगे हैं। क्षेत्रवासियों ने विभाग के अधिकारियों को समस्या का समाधान करवाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। उनका कहना है कि यदि एक सप्ताह में स्थायी समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी बड़ा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे। इस धरने पर पूर्व पार्षद कालु राम, राहुल भुक्कल, रामकेश बंसल, संजीव कुमार, धर्म सिंह लांग्यान सहित काफी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
-क्या कहना है विभाग के एसडीओ का
-जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ कुलदीप कोहाड़ ने लोगों की समस्याओं को सुना व मौके का मुआयना किया। एसडीओ ने बताया कि समस्या का समाधान करने के लिए विभाग की तरफ से जेटिंग मशीन व बकेट मशीन इलाके में लगवा दी गई है। इससे मेन होल की सफाई कर उसमें जमा गाद को निकाला जाएगा। जब तक समस्या हल नहीं हो जाती कर्मचारी लगातार कार्य करेंगे।