हिसार। कोरोना महामारी की चौथी आशंकित लहर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीकाकरण के लिए अभियान चलाया हुआ है। हैरानी की बात ये है कि कोरोना की दोनों डोज लगवाने वाले कोरोना पॉजिटिव मिल रहे है। रविवार को भी एक और मरीज कोरोना पॉजिटिव मिला, जिसने कोरोना की दोनों डोज लगवाई हुई थी। जिले में कोरोना के छह केस एक्टिव चल रहे हैं।
टीकाकरण की तरफ घट रहा रुझान -
कोरोना महामारी की तीनों लहर में टीकाकरण को लेकर लोगों में रुझान था। दूसरी लहर के दौरान गांवों में टीकाकरण का विरोध भी किया गया था, लेकिन उसके बाद टीकाकरण करवाने के लिए ग्रामीण स्तर पर भी लोग सामने आने लगे। अब एक बार फिर से टीकाकरण की रफ्तार धीमी पड़ गई है। 12 से 14 आयु वर्ग में पहलेे डोज 26 प्रतिशत किशोरों को ही लग पाई है, जबकि दूसरी डोज 3 प्रतिशत ही किशोरों को लग पाई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीकाकरण को लेकर स्कूलों से संपर्क किया जा रहा है, लेकिन अभिभावक अभी भी अपने बच्चों को लेकर टीकाकरण केंद्रों तक नहीं पहुंच रहे हैं।
छह एक्टिव केस -
डिस्ट्रिक्ट सर्विलांस ऑफिसर चिकित्सक सुभाष खतरेजा ने बताया कि रविवार को जिले में कोरोना संक्रमण का एक नया मामला सामने आया है। जिले में एक्टिव केसों की संख्या घटकर 6 तथा रिकवरी रेट 98.09 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि जिले में 9 लाख 23 हजार 849 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिसमें संक्रमण के कुल 62 हजार 75 मामले सामने आ चुके हैं। अब तक कुल 60 हजार 887 लोग कोरोना से रिकवर हो चुके हैं। कोविड-19 की पहली लहर में 327, दूसरी लहर में 814 तथा तीसरी लहर में 38 संक्रमित मरीजों की मृत्यु हुई है