हिसार। सुशीला भवन समीप राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को हुई एनडीए कोचिंग की प्रवेश परीक्षा की टाइमिंग की गलत घोषणा के कारण 30 मिनट तक परीक्षार्थी तनाव में रहे। जब तक परीक्षा की नोडल अधिकारी को अपनी गलती का अहसास हुआ तो तब तक परीक्षा का आधा घंटे का समय बीत चुुका था।
परीक्षार्थियों का आरोप है कि नोडल अधिकारी की लापरवाही का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। इसलिए संबंधित नोडल अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। बता दें मंगलवार को एनडीए कोचिंग की प्रवेश परीक्षा सुशीला भवन समीप राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में थी। एनडीए कोचिंग प्रवेश परीक्षा को दो भागों में बांटा गया था। जिसमें डेढ़-डेढ़ घंटे के दो भागों में बांटा गया था।
नोडल अधिकारी ने गलत घोषणा कर परीक्षा समय को एक-एक घंटे का निर्धारित कर दिया था। सुशीला भवन समीप राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दूसरे दिन मंगलवार को मुख्य द्वार पर पानी की कोई व्यवस्था नहीं मिली। जिस कारण अभिभावक-परीक्षार्थी पानी के लिए तरसते रहे। परीक्षार्थियों ने बताया कि उन्होंने हिंदी माध्यम में एनडीए कोचिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी की थी। लेकिन उन्हें प्रश्न पत्र अंग्रेजी माध्यम में थमा दिए। परीक्षार्थियों ने बताया कि उन्होंने सर्वाधिक गणित व विज्ञान विषय के प्रश्नों को हल नहीं कर सके।
ये बोले परीक्षार्थी
परीक्षा टाइमिंग की गलत जानकारी देने से सभी को मानसिक रूप से परेशानी हुई है। अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। यहां तक की पानी के लिए हम तरसते रहे। - पवन, परीक्षार्थी, कनौह
मैंने हिंदी माध्यम में परीक्षा की तैयारी की थी। लेकिन अंग्रेजी माध्यम में प्रश्न पत्र थमा दिया। जिस कारण गणित व विज्ञान विषय के कई प्रश्न हल नहीं कर पाए। - रवि, परीक्षार्थी, किरोड़ी
परीक्षा टाइमिंग को पहले एक-एक घंटे का निर्धारित किया। आधे घंटे बाद डेढ़-डेढ़ घंटे की घोषणा की। मानसिक रूप से परेशानी हुई है। अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। - कमल, परीक्षार्थी, खेड़ी-बर्की