खिलाड़ी सपना अपनी माता रामपति के साथ। संवाद
- फोटो : Hisar
हिसार। माता-पिता ही बच्चे की पहली सीढ़ी होती है। मगर, जब सिर से पिता का साया उठ जाए तो सभी जिम्मेदारियां मां पर आ जाती है। वह परिवार का पालन पोषण करने के साथ घर का खर्च उठाती हैं। मां हर परिस्थिति में अपने बच्चों के सपनों के रंग भरने के लिए खुद को कुर्बान करने को तैयार रहती हैं। आज मातृ दिवस है। कई माताएं आज बच्चों के लिए माता-पिता और दोनों की भूमिका निभा रही हैं। इन माताओं ने संघर्ष करते हुए न केवल अपनी बेटियों को पढ़ाया, बल्कि राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी भी बनाया।
मंगाली में फुटबाल का प्रशिक्षण ले रही सपना बताती हैं कि वर्ष 2014 में सड़क हादसे में पिता साहबराम की मौत हो गई थी। कई दिनों तक घर में सूना-सूना रहा। खेलने का मन भी नहीं कर रहा था। मगर, मां रामपति ने पिता की भूमिका निभाते हुए मेरा हौसला बढ़ाया और खेल में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। आज मां की वजह से ही मैं यहां तक पहुंच पाई हूं। सपना वर्ष 2012 से मंगाली में फुटबाल का प्रशिक्षण ले रही हैं। वर्ष 2018 में सपना ने स्कूली नेशनल फुटबाल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था।
न्यू पुलिस लाइन की रहने वाली ओलंपियन उदिता दूहन बताती हैं कि वर्ष 2015 में बीमारी के चलते पिता जसबीर का निधन हो गया था। मगर, मौत के बाद भी मां गीता देवी ने मुझे पिता की तरह ही पाला। जिस तरह पिता मुझे खेलने के लिए प्रेरित करते थे, उसी तरह आज मां मुझे खेल में आगे बढ़ा रही हैं। मुझे यहां तक पहुंचाने में मां ने काफी संघर्ष किया और आज मैं उन्हीं की वजह से हॉकी में पदक ला रही हूं।
मां को ही बनाया गुरु और कलाकारी में कमाया नाम
हिसार के हरियाणवी अदाकार व कलाकार रॉकी डेन ने अपनी मां से प्रेरणा लेकर कलाकारी के क्षेत्र में कदम रखा है। रॉकी डेन ने बताया कि माता कलावती देवी का पांच वर्ष पहले स्वर्गवास हो गया था। उनकी दी हुई शिक्षाएं उन्हें आज भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्हीं की प्रेरणा मुझे बेस्ट एक्टर इन हरियाणा व बेस्ट कॉरियोग्राफर के अवार्ड से नवाजा गया है। रॉकी डेन अब तक करीब 10 हजार युवाओं को डांस की ट्रेनिंग दे चुके हैं। करीब तीन हजार युवाओं को मंच प्रदान कर चुके हैं। अदाकार होने के साथ-साथ रॉकी डेन करीब 50 हरियाणवी गानों में कॉरियोग्राफी व डायरेक्शन कर चुके हैं। रॉकी डेन ने अपनी स्वर्गीय मां कलावती को ही अपने गुरु के रूप में स्वीकार किया है।