फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरसाती पानी की निकासी को लेकर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर बरसे मेयर

विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार। शहर की सीवरेज व पेयजल समस्या के समाधान के शुक्रवार को मेयर की अध्यक्षता में निगम सभागार में बैठक हुई। बैठक का संचालन निगमायुक्त अशोक कुमार गर्ग ने किया। इस दौरान मेयर ने कहा कि बरसाती नालों व सीवरों की सफाई पर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के गैर जिम्मेदाराना रवैये से शहरवासियों को मानसून में जलभराव का सामना करना पड़ेगा। इस पर अधिकारियों ने दावा किया तो बरसाती नालों की सफाई का काम पूरा हो चुका है। पांच दिन में सीवरों की सफाई भी निपटा देंगे। मेयर गौतम सरदाना ने कहा कि शहर के जिन-जिन इलाकों में सफाई का आप लोग दावा कर रहे हैं, उनकी डिटेल सौंपे। हम खुद जांकर जांच करेंगे।
विज्ञापन

बैठक में मेयर ने मार्केट कमेटी के अधिकारियों से जवाब तलब किया कि लाहौरिया चौक से लेकर मिलगेट चौक तक की सड़क जगह-जगह से टूटी पड़ी है। कई बार लोगों ने शिकायत की नगर प्रशासन ने अवगत करवाया। इसके बावजूद रिपेयर तक मार्केटिंग बोर्ड ने नहीं करवाई। मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारी ने बताया कि लाहौरिया चौक से लेकर मिलगेट चौक तक की सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त करवा दिया जाएगा। वहीं सड़क बनाने वाले ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। मेयर ने उसकी रिपोर्ट मांगी है।
बैठक में नगर निगम एक्सईएन एचके शर्मा, एक्सईएन संदीप कुमार, एमई अंकुर,एमई अमित बेरवाल, बीएंडआर एसडीओ गौरव जैन, जेई राजकुमार, जन स्वास्थ्य विभाग से एक्सईएन प्रमोद कुमार, एसडीओ कंवर पाल, एसडीओ जसबीर सिंह, जेई संजय दूहन, जेई राहुल, जेई नरेश जांगडा, एचएसवीपी से एसडीओ धर्मबीर बूरा आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

दिल्ली रोड बरसाती नाले का मुद्दा गरमाया
बैठक में दिल्ली रोड के बरसाती नाले का मुद्दा भी उठाया गया। बीएंडआर के एसडीओ गौरव जैन ने बताया कि जिंदल पुल से डाबड़ा चौक तक बनाए गए बरसाती नाले का पानी जिंदल चौक पर आता है, जहां से यह नगर निगम के तोशाम रोड स्थित डिस्पोजल पर पहुंचता है। मगर डिस्पोजल पर लगी मोटर की क्षमता कम होने से पानी डिस्पोजल तक नहीं पहुंच पाता। इस पर नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि डिस्पोजल पर पूरी क्षमता की मोटर लगी हुई है। मेयर ने कहा कि बीएंडआर, जनस्वास्थ्य विभाग व नगर निगम के अधिकारी एक साथ मिलकर मौके का मुआयना करें और समस्या का समाधान करें।
वार्ड 4, 7 व 15 के पार्षदों ने रखीं समस्याएं
वार्ड-15 के पार्षद प्रीतम सैनी ने कहा कि महावीर कॉलोनी में बूस्टिंग स्टेशन से चांदनी चौक तक प्रस्तावित बरसाती नाले का निर्माण अभी तक शुरू नहीं हुआ है, जबकि टेंडर हो चुका है। महावीर कॉलोनी की मुख्य सीवर लाइन की सफाई नहीं कराई गई है। जयदेव नगर, बैंक कॉलोनी, कृष्णा नगर व छोटूराम कॉलोनी की भी सीवर व्यवस्था बदहाल है। वार्ड-7 के पार्षद मनोहर लाल ने सीवर व्यवस्था व रायपुर रोड से एयरपोर्ट तक बरसाती पानी की निकासी की लाइन का मुद्दा उठाया। चूंकि यह एचएसवीपी से संबंधित था। बैठक में मौजूद विभाग के एसडीओ ने कहा कि उन्हें अभी बैठक का पता चला, वह बिना तैयारी के ही आए हैं। इसके अलावा सीनियर डिप्टी मेयर एवं वार्ड-4 के पार्षद अनिल मानी ने सैनी भवन से पुरानी सब्जी मंडी चौक तक जलभराव की समस्या का समाधान करने को कहा।
निगमायुक्त ने सिल्ट उठाने पर किया जवाब तलब
निगमायुक्त आयुक्त अशोक कुमार गर्ग ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जवाब तलब किया कि सीवर से निकलने वाली सिल्ट को कई दिनों तक नहीं उठाया जाता है। यह सड़कों पर फैलता है और दोबारा से सीवर में चला जाता है। सिल्ट उठाने की जिम्मेदारी किस विभाग की है। इस पर अधिकारी जवाब नहीं दे पाए। निगमायुक्त ने कहा कि सड़कों से सिल्ट को दो से तीन घंटों में उठाया जाना चाहिए। गर्ग ने कहा कि जन स्वास्थ्य विभाग सीवर व पेयजल लाइन बिछाने के बाद गलियों की मरम्मत नहीं करता, जबकि यह उनके वर्क आर्डर में होती है। विभाग के एक्सईएन ने कहा कि टेंडर अनुसार मरम्मत की जाती है। जिन एरिया में मरम्मत नहीं हुई है, उसकी जानकारी हमें दी जाए, हम 10 से 15 दिनों में ठीक करवा देंगे।
वर्षों पुरानी पेयजल व सीवर लाइन बदली जाएगी
मेयर ने कहा कि शहर की वर्षों पुरानी सीवर व पेयजल लाइन को बदलने को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग ने प्रोजेक्ट तैयार कर लिया है। 30 किलोमीटर पेयजल लाइन बिछाने का टेंडर हो गया है। वहीं सीवर लाइन बिछाने का टेंडर अगले 10 से 15 दिनों में बनाकर मुख्यालय भेज दिया जाएगा।
कनेक्शन न जोड़ने को लेकर हुई चर्चा
बैठक में मुद्दा उठा कि सीवर व पेयजल लाइन बिछाने या बदलने के दौरान जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनता के कनेक्शन नहीं जोड़े जाते है। इससे आम जनता को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने 20 हजार कनेक्शन को लेकर मुख्यालय को एस्टीमेंट भेजा था। मुख्यालय ने उसे रिजेक्ट कर दिया। इस निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम प्रशासन अपनी स्तर पर इस संबंध में जन स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय से पत्राचार करेगा।
विज्ञापन

ये फैसले भी लिए
- नगर निगम प्रशासन के पास ऑटो मार्केट एरिया के बरसाती नाले हैं। इन्हें जन स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया जाएगा।
- नगर निगम द्वारा सड़क निर्माण के समय ब्लॉक होने वाली सीवर लाइन की सफाई संबंधित विभाग द्वारा ठेकेदार से करवाई जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें