हिसार। सेंट जोसेफ इंटरनेशनल स्कूल में 5वीं एलिट महिला राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ रंगारंग कार्यक्रम के साथ हुआ। प्रतियोगिता में देशभर की 35 टीमों के करीब 300 खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे। उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने दीप प्रज्ज्वलित कर खेल का शुभारंभ किया। पहले दिन 50 से 52 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणी की मीनाक्षी ने केरल की निशी लाइसे थंपी को हराया।
बॉक्सिंग महाकुंभ के शुभारंभ अवसर पर सेंट जोसेफ इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने हरियाणवी, गुजराती, पंजाबी गानों पर प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता 27 अक्तूबर तक चलेगी। डीसी डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन हिसार में होने से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ेगा। आज हरियाणा के खिलाड़ियों का मुक्का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमा चुका है।
आयोजक अध्यक्ष अनिल मान ने बताया कि हिसार में राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता के आयोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ेंगे। सरकार की तरफ से पूरा सहयोग मिल रहा है। जल्द ही प्रतियोगिता में ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहन व छह बार की वर्ल्ड चैंपियन मैरीकॉम भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाती नजर आएंगी। इस मौके पर बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव हेमंता कुमार कलीता, दिग्विजय सिंह, डीपी भट्ट, अनिल मान, अमित चुघ, प्रिंसिपल रितु आंचल, नरेंद्र कुमार, संतोष दत्ता, जसलाल प्रधान, एसके शांडिल्य, राजीव कुमार, अर्जुन अवॉर्डी जितेंद्र सिंह, भूषण सैनी, अक्षय मलिक, कोच राजेश श्योराण, संजय गंगवा व प्रदीप भाकर मौजूद रहे।
लड़कियों को खुलकर खेलने की इजाजत दें
नगर निगम के कमिश्नर डॉ. अशोक गर्ग ने कहा कि देश में पहले के मुकाबले लोगों की लड़कियों के खेल को लेकर मानसिकता बदली है। लड़कियों के राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सिंग प्रतियोगिता के हिसार में आयोजन से ऐसे लोगों की मानसिकता बदलनी चाहिए जो लड़कियों को खेलों में आगे नहीं आने देते।
कई राज्यों में अब भी नहीं मिली मंजूरी
बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव हेमंता कुमार कलीता ने कहा कि कोरोना के कारण पिछले साल प्रतियोगिता नहीं हो पाई थी। अब भी कुछ राज्यों में बॉक्सिंग जैसे व्यक्तिगत खेलों के आयोजन की मंजूरी नहीं मिल पा रही है। मगर धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो रही है। कुछ राज्यों में बॉक्सिंग को स्कूली पाठ्यक्रम में जोड़ने के लिए विचार चल रहा है।
ये रहे प्रतियोगिता के परिणाम
48 से 50 किलोभार के परिणाम
विजेता प्रतिद्वंद्वी
पूजा बिश्नोई, राजस्थान पिंकी, अरुणाचल प्रदेश
प्रीति चोहान, गोवा मोनिका पांडे, पश्चिम बंगाल
हेमलता, दिल्ली पीएस मनताश असम
अनामिका, रेलवे सोनिया, चंडीगढ़
शमजीत सबम, मणिपुर बिहार पवित्रा राजू, तमिलनाडू
दीपिका जमवाल, हिमाचल प्रदेश सविता, आंध्र प्रदेश
50 से 52 किलो भार वर्ग के परिणाम
विजेता प्रतिद्वंद्वी
आर्य कुलकर्णी, महाराष्ट्र यापे बामांग, अरुणाचल प्रदेश
ओजीबाला, मणिपुर शिवानी, पंजाब
मीनाक्षी, हरियाणा निशी लाइसे थंपी, केरल
वनाला दुआती, आंध्र प्रदेश नेहा शाह, पश्चिम बंगाल
सोम्या, अरुणाचल प्रदेश राम्या पी, कर्नाटक
बॉक्सिंग चैंपियनशिप के शुभारंभ मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करती टीम -- संवाद- फोटो : Hisar
पांचवी एलीट नेशनल वुमन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भिड़ती उत्तराखंड व चंडीगढ़ की टीम - संवाद- फोटो : Hisar