हरियाणा के हिसार जिले के नारनौंद क्षेत्र में सिसाय में मास्टर चंदगीराम अखाड़े को गुरुवार को प्रशासन ने सील कर दिया। पालिका की जमीन पर बनाए जाने की शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई की। क्षेत्र के ही कुछ लोगों ने इसकी शिकायत की थी।
अखाड़े को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। अखाड़ा संचालक के खिलाफ कुछ खिलाड़ियों ने शिकायतें दी हैं। सीएम विंडो पर भी दो मामले चल रहे हैं। -मामले की गहनता से जांच कराई जाएगी। -गौरव शर्मा, सचिव नगरपालिका सिसाय
एक साल पहले दो-तीन शरारती किस्म के लोग अखाड़े में आने लगे थे। उन लोगों को अखाड़े से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद उनके द्वारा अखाड़े का अवैध रूप से बनाने की शिकायत की गई थी। अखाड़े का निर्माण चंदगीराम ने किया था। मैं सीआईएसएफ से रिटायर हूं। पेंशन आने के बाद मैंने अपने पैसों व गांव के सहयोग से यहां खिलाड़ियो के लिए व्यवस्था की थी लेकिन अब प्रशासन द्वारा अखाड़े का सील कर दिया गया है। मैं मामले को लेकर अदालत जाऊंगा। -सुभाष कोच, मास्टर चंदगीराम अखाड़ा, सिसाय
अखाड़े में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों के बीच विवाद है। अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन की ओर से कदम उठाया गया है। अखाड़े पर गांव की कमेटी का अधिकार होना चाहिए। अखाड़े का निर्माण पंचायती जमीन पर किया गया है। सरकार की ओर से भी अखाड़े के नाम पर ग्रांट आती रही है। -पूर्व सरपंच बलबीर सिहाग, सिसाय बोलान