बरवाला। शहर के जींद मार्ग पर बाईपास के नजदीक बुधवार सुबह बेसहारा पशु अचानक सड़क पर आ गया। इस कारण संतुलन बिगड़ने से बाइक फिसलकर गिर गई और गांव खरक पूनिया निवासी सुनील उर्फ फौजी (27) की मौत हो गई। पुलिस को दिए बयान में विक्रम ने बताया कि उसका भाई सुनील सब्जी मंडी में काम करता था और दो दिन पहले ही उसकी सगाई हुई थी।
विक्रम ने बताया कि सुनील बुधवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे गांव से बरवाला सब्जी मंडी में जाने के लिए बाइक पर निकला था। सुबह करीब पांच बजे बरवाला-जींद मार्ग पर अचानक बेसहारा पशु बाइक के आगे आ गया। इस कारण सुनील का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत सड़क किनारे गड्ढे में गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।