हिसार। भारतीय सेना में कार्यरत और भगाना निवासी संदीप कुमार के साथ जमीन देने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी हुई है। आरोप पिता-पुत्र पर लगा है। इस संबंध में सदर थाना पुलिस ने गुलशन सिंगला और अभिषेक सिंगला के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2015 में खरीदी थी जमीन
सदर थाना पुलिस में दी गई शिकायत में भगाना गांव निवासी संदीप कुमार ने बताया कि वह भारतीय सेना में कार्यरत है और मानेसर में तैनाती है। उन्होंने बताया कि 2015 में सैनिक छावनी के सामने सज्जन कॉलोनी में गुलशन सिंगला और उनके बेटे अभिषेक सिंगला से 11 लाख रुपये में जमीन खरीदी थी। 2018 में पता चला कि जमीन 2011 में किसी को पहले की बेची जा चुकी है। इस बारे में जब गुलशन से बात की, तो उसने स्वीकारा किया जमीन पहले बेची हुई है। उस समय दोनों ने सदर थाना में लिखित में दिया था। उसने तीन माह में रुपये वापस करने की बात कहीं थी। 1.95 लाख रुपये की नकदी दी थी और 3 लाख रुपये की चेक दिया था, जो बाद में बाउंस हो गया। चेक बाउंस का मामला अदालत में विचाराधीन है। जब उस से रुपये वापस मांगे तो देने से इंकार कर दिया। अब इस संबंध में सदर थाना पुलिस में शिकायत दी।