हादसे के बाद क्षतिग्रस्त खड़ी बस। संवाद
- फोटो : Hisar
हिसार। हिसार से चंडीगढ़ जा रही किलोमीटर स्कीम की बस मंगलवार सुबह नरवाना स्थित देवीलाल स्कूल के पास ट्राला से टकरा गई। हादसे में रोडवेज के पूर्व पंप ऑपरेटर सूबे सिंह की मौत हो गई जबकि 20 से ज्यादा यात्रियों को चोटें आईं। सूचना मिलते ही छह एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचा। बताया जा रहा है कि बस की रफ्तार तेज थी, जिस कारण हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार नरवाना में देवीलाल स्कूल के पास ट्राला राइट साइड में मुड़ रहा था। इस दौरान तेज रफ्तार आ रही बस ट्राले से टकरा गई। हिसार डिपो के एसएस सुरेंद्र कुमार ने बताया कि बस के कंडक्टर राजेंद्र कुमार से बातचीत हुई थी। उन्होंने कहा कि अब वह ठीक है। मृतक सूबे सिंह रोडवेज में डीजल पंप ऑपरेटर के पद से सेवानिवृत्त था। वह चंडीगढ़ में रह रहा था।