हरियाणा के हिसार से पकड़ी गई पाकिस्तानी जासूस व यू-ट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को लेकर रोजाना कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। ज्योति मल्होत्रा के जासूस होने की जानकारी उसके घर वालों को भी नहीं थी। न ही कभी परिवार के लोगों को उस पर और उसकी हरकतों पर शक हुआ। ज्योति मल्होत्रा के गिरफ्तार होने के बाद एक के बाद एक कई परतें खुल रही हैं। वहीं अब ज्योति के पिता ने भी बेटी को लेकर कई खुलासे किए हैं। हालांकि ज्योति के पिता भी उसके जासूस होने की बात से हक्के-बक्के हैं।
हरियाणा के हिसार की रहने वाली ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोपी में गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा उस पर कथित तौर पर देश की संवेदनशील जानकारी साझा करने और एक पाकिस्तानी नागरिक के साथ लगातार संपर्क में रहने के आरोप हैं। इसको लेकर ज्योति के पिता हरीश मल्होत्रा ने प्रतिक्रिया दी है।
"ज्योति कहती थी कि वह दिल्ली जा रही है"
ज्योति के पिता ने कहा ज्योति मुझे कहती थी कि वह दिल्ली जा रही है। इसके अलावा उसने मुझे कभी कुछ नहीं बताया और ना ही मेरी बेटी का कोई भी दोस्त कभी हमारे घर में आया। ज्योति के पिता ने कहा बीते कल पुलिस मेरी बेटी को घर लेकर आई थी। पुलिस ज्योति के कपड़े लेकर चली गई। अब मैं भी परेशान हो रहा हूं। मेरी बेटी घर पर भी वीडियो बनाती थी। हरीश मल्होत्रा ने कहा कि पुलिस हमारे घर में करीब 15 मिनट रही और उसके बाद चली गई।