हिसार। रेल के माध्यम से एक स्थान से दूसरे स्थान पर सामान (पार्सल) भेजने की प्रक्रिया को आसान बनाने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी 34 पार्सल ऑफिस में पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम (पीएमएस) की सुविधा उपलब्ध है।
पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से ग्राहकों को अपना सामान बुक करवाने में आसानी हो रही है। साथ ही इस सिस्टम प्राप्त होने वाले मैसेज के माध्यम से उनको अपने सामान की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलती रहती है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार महाप्रबंधक अमिताभ के दिशा निर्देशानुसार रेल उपभोक्ताओं को सभी क्षेत्रों में बेहतर और उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान की जा रही है। ग्राहक अपने सामान को ट्रेस करना चाहता है तो वह वेबसाइट https://parcel.indianrail.gov.in पर पार्सल की जानकारी प्राप्त कर सकता है।
उत्तर पश्चिम रेलवे पर व पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम की सुविधा सभी 34 पार्सल ऑफिस में उपलब्ध हैं। इनमें बीकानेर मंडल के बीकानेर, भिवानी, चूरू, हनुमानगढ़, हिसार, लालगढ़, रतनगढ़, सादुलपुर, सिरसा, श्रीगंगानगर, सूरतगढ़ और हांसी स्टेशनों पर पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से ही सामान की बुकिंग हो रही है। संवाद