हिसार। न्यू ऋषि नगर में 7 अगस्त 2021 को युवक जोनी की गोलियां मारकर हत्या करने के मामले में तत्कालीन शहर थाना प्रभारी निरीक्षक कप्तान सिंह को एक आरोपी को अनुचित लाभ देने के आरोप में निलंबित कर दिया है। अब इस मामले में डीएसपी अभिमन्यु जांच करेंगे। पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने कुछ दिन पहले इंस्पेक्टर कप्तान सिंह को लाइन हाजिर किया था।
बता दें कि 7 अगस्त 2021 को शहर थाना में जोनी की हत्या मामले में मितान्शु, अर्जुन, शुभम और अन्य के खिलाफ हत्या और शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज हुआ था। जब इस बारे में मृतक के पिता न्यू ऋषि नगर में रहने वाले रोहताश से बात की गई तो उनका कहना था कि सात अगस्त 2021 को मितान्शु, शुभम, अर्जुन और अन्य ने गोली मारकर बेटे जोनी की हत्या कर दी थी। हत्या की वारदात के बाद शहर थाना पुलिस ने आरोपी मितान्शु और एक अन्य को गिरफ्तार किया था, जबकि एक आरोपी को थाना प्रभारी कप्तान सिंह ने गिरफ्तार नहीं किया। उस पर हत्या के प्रयास का पहले भी मामला दर्ज था। जब इस बारे में तत्कालीन डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक बलवान सिंह राणा से बात की गई थी तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया था। वहीं कप्तान सिंह ने धमकाया भी था। इसके बाद वह चुपचाप घर बैठ गया। पिछले महीने नए पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने कार्यभार संभाला तो वह उनसे मिला और पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
पुलिस प्रवक्त ने बताया कि जांच में सामने आया कि हत्या के मामले में कप्तान सिंह द्वारा एक आरोपी को लाभ पहुंचाया गया। इसके साथ-साथ पुलिस की छवि को भी धूमिल किया। जांच में लापरवाही बरतने और एक आरोपी को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोप में एसपी ने तत्कालीन शहर थाना प्रभारी कप्तान सिंह को निलंबित कर दिया है।