हिसार। एचएसएससी द्वारा क्लर्क लगवाने के नाम पर सेक्टर 16-17 के रहने वाले योगेंद्र सिंह से 6.50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। योगेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने मंदीप नाम के युवक समेत अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में योगेंद्र ने बताया कि वर्ष 2019 में एचएसएससी द्वारा क्लर्क के पद पर नियुक्तियां निकाली गई थी। 21 सितंबर 2019 को लिखित परीक्षा हुई। इस दौरान नारनौंद निवासी मंदीप से मुलाकात हुई। उसने कहा कि मेरी अच्छी जान-पहचान है और सरकारी नौकरी लगवा दूंगा। इसके लिए 8 लाख रुपये देने होंगे। बेरोजगार था तो उसकी बात मान ली। उसके बाद दिसंबर 2019 में मंदीप का फोन आया और कहा कि दस्तावेज और एक लाख रुपये लेकर पंचकूला आ जाओ। पंचकूला गया तो वहां मंदीप और उसके साथी मिले। 20 युवा और भी थे। उन्हें देखकर विश्वास हो गया और एक लाख रुपये मंदीप को दे दिए। फिर लॉकडाउन लग गया। 18 नवंबर 2020 को मंदीप ने कहा कि अपना सेलेक्शन हो गया, लेकिन एक महीने तक उसने नहीं बुलाया। 13 मार्च को फोन कर कहा कि ग्राम सचिव वाले पेपर का पंगा पड़ गया है। उसके बाद उनके द्वारा बताए गए खाता नंबर में एक लाख और फिर चार लाख रुपये जमा करवाए। इनके अलावा पचास हजार रुपये और दिए, लेकिन उन्होंने ज्वाइनिंग नहीं करवाई। आरोपी ने कुल 6 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए। रुपये वापस मांगे तो इनकार कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।