हिसार। नगर निगम की हाउस की वीरवार को होने वाली बैठक में पार्षद स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने शहर में बेकाबू हो रहे डेंगू के लिए निगम प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया था, जबकि पार्षदों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग ने बीमारी की रोकथाम को लेकर अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाई। उधर, मेयर डेंगू से स्वस्थ हो चुके हैं और वह हाउस की बैठक में शामिल होंगे। बैठक में नगर निगम, बीएंडआर, वन विभाग, नगर सुधार मंडल, मार्केट कमेटी से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।
याद रहे कि 12 नवंबर को हुई हाउस की बैठक में पार्षदों ने शहर में फैले डेंगू के प्रकोप को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जवाब तलब किया था। इस दौरान बैठक में मौजूद अधिकारी इन आरोपों का कोई जवाब नहीं दे सके थे। बैठक के अगले दिन स्वास्थ्य विभाग ने बैठक की, जिसमें उसने डेंगू के प्रकोप को लेकर नगर निगम व एचएसवीपी को ही जिम्मेदार ठहरा दिया।
मेयर करेंगे बैठक की अध्यक्षता
12 नवंबर को हुई बैठक में मेयर गौतम सरदाना शामिल नहीं हुए थे। उस समय वह डेंगू से पीड़ित थे। उनकी अनुपस्थिति में सीनियर डिप्टी मेयर अनिल सैनी ने बैठक की अध्यक्षता की थी। मगर अब मेयर पूरी तरह से स्वस्थ हैं और बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा पिछली बैठक में 23 में से आठ पार्षद भी गैर हाजिर थे। उम्मीद है कि वीरवार को होने वाली बैठक में सभी पार्षद शामिल होंगे।
बैठक में इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों की होगी चर्चा
- बैठक में बेसहारा पशु, पेयजल सप्लाई एवं सीवर, टाउन प्लानिंग एंड स्लम डेवलपमेंट, फाइनेंस एंड कॉन्ट्रेक्ट और टैक्स फीस एंड तहबाजारी सब कमेटी की बैठकों की कार्रवाई प्रस्तुत की जाएगी।
- अमरूत योजना के तहत पेयजल लाइन बिछाने बारे।
- स्लॉटर हाउस को शुरू करने बारे।
- बेसहारा पशुओं को पकड़ने बारे।
- एनडीसी लेते समय वैध गलियों को अवैध दिखाने बारे।
- पानीपत व सोनीपत की तर्ज पर हिसार नगर निगम स्थित लाल डोरे के एरिया का हाउस टैक्स वर्ष 2019 तक माफ करने बारे।
- आवारा कुत्तों व पशुओं की नसबंदी करने बारे।
- रोड की सफाई ठेके पर देने बारे।
- घर-घर से कचरे का उठान व उसके सेग्रीगेशन का काम ठेके पर देने बारे।
बैठक से एक दिन पहले स्लाटर हाउस का किया दौरा
हाउस की बैठक में स्लाटर हाउस को शुरू करने का प्रस्ताव भी शामिल है। पिछली दफा मेयर ने अधिकारियों से इसे जल्द से जल्द शुरू करने को कहा था, लेकिन अभी तक इसे शुरू नहीं किया गया है, जबकि इसे प्रदूषण बोर्ड की तरफ से एनओसी भी मिल चुकी है। बैठक से एक दिन पहले ही अधिकारियों ने स्लाटर हाउस का निरीक्षण किया ताकि बैठक में इसे लेकर वह अपनी तरफ से जवाब प्रस्तुत कर सकें।
सभी पार्षद हाउस की बैठक में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लेकर आएंगे। डेंगू के प्रकोप का ठीकरा निगम प्रशासन के सिर फोड़ना सरासल गलत है। स्वास्थ्य विभाग ने अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाई, तभी शहर में इस बीमारी का प्रकोप बढ़ा। - प्रीतम सैनी, पार्षद, वार्ड-15
अब मैं पूरी तरह से स्वस्थ हूं। मैं हाउस की बैठक में जरूर भाग लूंगा। - गौतम सरदाना, मेयर