राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने मांगा 15 दिन में जवाब
टोहाना के सरकारी स्कूल में 40 विद्यार्थियों की पिटाई का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। टोहाना स्थित एक सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा के 40 विद्यार्थियों की पिटाई के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग की ओर से स्कूली शिक्षा विभाग के निदेशक, फतेहाबाद के उपायुक्त और एसपी से इस मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। इन अधिकारियों को पत्र जारी कर आयोग ने 15 दिन में सभी तथ्यों की जांच के आधार पर रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट नहीं देने पर समन जारी करने की चेतावनी भी दी गई है।
गौरतलब है कि 6 सितंबर को सरकारी स्कूल में शिक्षिका को देखकर सिटी बजाने का आरोप लगाते हुए तीन शिक्षकों ने 40 बच्चों को मुर्गा बनाकर डंडों से पीटा था। इस मामले में तीन बच्चों की शिकायत पर तीनों शिक्षकों पर केस दर्ज हो चुका है। वहीं, महिला शिक्षक की शिकायत पर तीन बच्चों पर भी छेड़छाड़ के आरोप में केस दर्ज है। जानकारी के अनुसार इस मामले की शिकायत एक बच्चे के अभिभावक मांगेराम द्वारा आयोग को भेजी गई थी। मांगेराम द्वारा आयोग को मामले में हस्तक्षेप कर बेरहमी का शिकार हुए बच्चों को न्याय दिलाने की मांग की गई। इसी शिकायत के बाद आयोग ने संज्ञान लेकर इन तीनों अधिकारियों से जवाब मांगा है। आयोग के रिसर्च ऑफिसर की ओर से उपरोक्त तीनों अधिकारियों को शुक्रवार को ही पत्र जारी किया गया है।