आईजी ओपी सिंह ने शनिवार को गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में शिवा (क्राइम इनफेस्टिड विलेज एडोप्टिड प्रोग्राम) का शुभारंभ किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के सभागार में हिसार रेंज के पांचों जिला हिसार, सिरसा, भिवानी, जींद, फतेहाबाद के चौकी इंचार्ज, एसएचओ, डीएसपी, एडिशनल एसपी और एसपी को संबोधित किया।
इस कार्यक्रम में पहली बार रेंज के सारे फील्ड स्तर के अधिकारी को आईजी ने एक साथ संबोधित किया। ओपी सिंह ने कहा कि नाजायज असलाह और हथियारबंद अपराधियों से निर्णायक लड़ाई लड़ने का वक्त आ गया है। इसकी वजह से गांव, शहरों में सही सोच वाले लोग और उत्साही युवा हाशिए पर चले गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले पांच साल में गोलीबारी में हिसार रेंज में 200 से अधिक मौतें हो चुकी हैं। भय और दहशत के इन तस्करों को सबक सिखाना ही पड़ेगा।
गोद लिए गांवों को संभाले डीएसपी और इंस्पेक्टर
कार्यक्रम में उपस्थित डीएसपी और इंस्पेक्टर को आईजी ने कहा कि वे अपने गोद लिए गांव को संभालें। प्रबुद्ध लोगों को हौसला दें। आप दबंगों और मुंहजोरों से दो-दो हाथ करने को तैयार रहें। उन्होंने कहा कि गांव में व्याप्त पार्टीबाजी को खत्म कर लोगों को मिलजुल रहने के लिए प्रेरित करें।
युवाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने में सहायता करें। उनके युवा, सांस्कृतिक एवं स्पोर्ट्स क्लब बनाने एवं संबंधित गतिविधियों को आयोजित करने में सहयोग करें। एक तय समय सीमा में कार्रवाई नहीं करने के आश्वासन पर सरपंचों के माध्यम से नाजायज असलाह बरामद करें। पेशेवर अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ें, उन्हें जेल भेजें, उनके दबदबे को समाप्त करें।
अपराधियों को पकड़ने में ह्यूमन इंटेलीजेंस नेटवर्क बनाएं
डिटेक्टिव फूट कांस्टेबलों को संबोधित करते हुए आईजी सिंह ने कहा कि सुरक्षा एजेंट और वे अपराधियों के खिलाफ प्रभावी लड़ाई के लिए ह्यूमन इंटेलिजेंस नेटवर्क बनाए, कारगर सूचना इकट्ठा करें। अपने इलाके में पार्टीबाजी, दादागिरी करने वाले व्यक्तियों के बारे में सूचना एकत्रित करें।
विभाजन और हिंसा में सख्ती से निपटें
उन्होंने कहा कि आधुनिक समाज में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने उपस्थित पुलिस कर्मियों और अधिकारियों को स्पष्ट लहजे में कहा कि किसी भावनात्मक मुद्दे की आड़ में विभाजन और हिंसा की गतिविधियों से सख्ती से निपटना चाहिए चाहे वो किसी जाति, क्षेत्र या पार्टी से हो।
विभाजन के सौदागर बाज आएं
आईजी ने कहा कि हरियाणा एक गौरवशाली राज्य है। अतीत काल से ही इसे दूध-दही का खाणा के नाम से जाना जाता है। किसी को भी किसी कीमत पर इसे सीरिया या अफगानिस्तान नहीं बनाने देंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी पुलिस की क्षमता पर पूरा विश्वास है। ये आतंकवाद से लड़ने और जीतने वाली फोर्स है। हिंसा और विभाजन के सौदागर बाज आयें, वे अपने मंसूबे में कभी कामयाब नहीं होंगे।