हांसी (हिसार)। जमीन की खरीद फरोख्त के नाम पर आईएएस अधिकारी की मां से 27.65 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। हांसी उपमंडल के गांव रामपुरा में रहने वाली सुमित्रा यादव की शिकायत पर गांव ढाना कला के जगदीश, उसके बेटे सुखबीर और जमीन खरीदने वाली रामपुरा की किरण देवी, कविता व अंगूरी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर किया गया है। शिकायतकर्ता सुमित्रा यादव राजस्थान के जयपुर में तैनात आईएएस अधिकारी डॉ. अमित यादव की मां हैं।
हांसी पुलिस को दी शिकायत में सुमित्रा यादव ने बताया कि उसने ढाना कला में रहने वाले जगदीश और उसके बेटे सुखबीर के साथ साढ़े 4 एकड़ जमीन खरीदने का सौदा 12 लाख 50 हजार प्रति एकड़ के हिसाब से किया था। दोनों पिता-पुत्र को 15 अप्रैल 2021 को 25 लाख रुपये इकरारनामे के तौर पर दिए गए। इस जमीन की रजिस्टरी 21 अक्टूबर 2021 को करवाई जानी थी। रजिस्ट्री से पहले जगदीश ने उनसे ढाई लाख रुपये और लिए। जगदीश ने घर में जरूरत बताकर उनसे 20 लाख रुपये और लिए, मगर उसके बदले में उन्होंने हाथों-हाथ 13 कनाल जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली।
तहसील में करते रहे इंतजार
सुमित्रा यादव के अनुसार रजिस्ट्री के लिए तय तारीख 21 अक्तूबर 2021 को वह और उसके पति सतपाल यादव दिनभर तहसील में जगदीश और उसके बेटे सुखबीर का इंतजार करते रहे, मगर दोनों नहीं आए। उन्होंने जगदीश व उसके बेटे को फोन पर संपर्क करने का प्रयास भी किया। इसके 5 दिन बाद उन्हें 26 अक्टूबर को जगदीश ने बताया कि वह अपनी जमीन की रजिस्ट्री 25 अक्तूूबर को ही रामपुरा की किरण देवी, कविता व अंगूरी के नाम करवा चुका है। सुमित्रा यादव के अनुसार तहसील में रजिस्ट्री इकरारनामा होने के बावजूद अधिकारियों की मिलीभगत से जमीन की रजिस्टरी दूसरी पार्टी के नाम पर की गई।