सीएम फ्लाइंग ने हुडा ऑफिस में वीरवार को छापा मारा। दोपहर बाद हुई छापामार कार्रवाई में ईओ कार्यालय व इंजीनियरिंग विंग में कई कर्मचारी व अधिकारी नदारद मिले। फ्लाइंग स्टाफ ने छापेमार कार्रवाई के दौरान खाली कुर्सियों की फोटो खींच ली और रिकॉर्ड के लिए साथ ले गई।
आए थे सीएम विंडो के मामले में
सीएम फ्लाइंग स्टाफ ने बताया कि वैसे तो वे सीएम विंडो के मामले को लेकर कार्यालय में आए थे। उनके पास हुडा को लेकर कई दिनों से शिकायत है कि कर्मचारियों व अधिकारियों पर लगाम नहीं है। सीएम विंडो के काम के साथ चेकिंग भी हो गई। दोपहर बाद अधिकतर स्टाफ मौके पर मौजूद नहीं था।
घनघनाने लगे फोन
सीएम फ्लाइंग के पहुंचते ही कार्यालय में हड़कंप मच गया। जो कर्मचारी मौजूद थे उन्होंने अपने साथियों के पास फोन करने शुरू कर दिए कि कार्यालय में जल्दी से पहुंच जाओ सीएम फ्लाइंग ने छापेमारी की है। आते ही फ्लाइंग सदस्य इस्टेट ऑफिस में चले गए। वहां अंदर पहुंचकर उन्होंने किस कुर्सी पर कर्मचारी नहीं मौके पर खाली कुर्सियों की फोटो खींचनी शुरू कर दी। पूरे कार्यालय में कर्मचारियों ने अपने अपने साथी स्टाफ के पास फोन घनघनाने शुरू कर दिए।
वर्ष 2016 में भी हुई थी छापेमारी
पिछले साल वर्ष 2016 में भी हुडा कार्यालय में सीएम फ्लाइंग ने छापामारी की थी। कार्यालय में कई कर्मचारी व अधिकारी नहीं मिले थे। पूरे स्टाफ की उस वक्त हाजिरी रजिस्टर मंगवाकर चेक की गई थी। जो कर्मचारी मौके पर नहीं मिले उनके नाम व पद सहित रिपोर्ट बनाकर साथ ले गए। हालांकि उसके बाद सीएम फ्लाइंग ने निगम कार्यालय में भी छापामारी की थी। निगम में उस वक्त सीएम फ्लाइंग ने दोनों गेट बंद कर हाजिरी रजिस्टर चेक किए थे। कई कर्मचारी अधिकारी कार्यालय में उपस्थित नहीं मिले थे।
हम सीएम विंडो की शिकायत को लेकर गए थे। मौके पर कई कर्मचारी व अधिकारी मौजूद नहीं थे।
- जगदेव, इंस्पेक्टर सीएम फ्लाइंग