हिसार। कोरोना महामारी की तीसरी लहर के बाद सौ दिन बाद जिला एक बार फिर कोरोना मुक्त हुआ है। रविवार को एक कोरोना महामारी का कोई भी मरीज नहीं आया और न ही कोई एक्टिव केस है। हालांकि 87 सैंपलों की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। फिलहाल रविवार को जिला कोरोना मुक्त रहा।
25 दिसंबर को आई थी तीसरी लहर
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दूसरी लहर के बाद जिले में तीसरी लहर का पहला केस 25 दिसंबर को सामने आया था। उसके बाद से अब तक तीसरी लहर चल रही थी। तीसरी लहर में 8054 लोग कोरोना पॉजिटिव हुए थे। इनमें से 38 लोगों की मौत हो चुकी है। तीसरी लहर के दौरान ही 18 साल से ऊपर और 15 से 17 साल तक के बच्चों के लिए टीकाकरण शुरू किया गया। टीकाकरण अभी भी जारी है। हालांकि तीसरी लहर में लोग दूसरी लहर से कम प्रभावित रहे।
दूसरी लहर थी घातक
जिले में कोरोना की पहली लहर का केस 3 अप्रैल 2020 को आया था। उसके बाद से लगातार केस बढ़ते गए। सरकार की तरफ से लॉकडाउन लगाया गया। पहली लहर में 17147 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इनमें से 327 मरीजों की कोरोना से मौत हुई। पहली लहर के बाद 1 मार्च 2021 में कोरोना की दूसरी लहर आई। यह लहर पहली लहर से काफी घातक थी। इस लहर में जिले में ऑक्सीजन की कमी हुई। मरीजों को वेंटीलेटर नहीं मिल रहे थे। शहर में 500 बेड का अस्थायी संजीवनी अस्पताल खोला गया। दूसरी लहर में मरीजों की संख्या बढ़ कर 36855 पर पहुंच गई। दूसरी लहर में सबसे ज्यादा 814 मरीजों की मौत हुई। दूसरी लहर में एक ही परिवार के दो से तीन सदस्यों की मौत हुई थी।
रविवार को नहीं आया कोई केस
डिस्ट्रिक्ट सर्विलांस ऑफिसर डॉक्टर सुभाष खतरेजा ने बताया कि रविवार को कोरोना का कोई नया केस नहीं आया है और न ही एक्टिव केस है। अभी 87 सैंपल की जांच आनी बाकी है।