हांसी। गृह मंत्रालय ने शनिवार को पुलिस के साहसी वीरों के सम्मान में वर्ष 2021 के भारतीय पुलिस मेडल की सूची जारी की है। पदक के लिए खुफिया विभाग में तैनात हांसी निवासी सुरेंद्र सिंह ‘टाइगर’ का चयन हुआ है। वर्तमान में सुरेंद्र सिंह इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में सहायक निदेशक (एसपी) के पद पर तैनात हैं।
पदक सूची जारी होने पर हांसी में रहने वाले उनके परिवार ने खुशी की लहर है। बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले सुरेंद्र सिंह ने वर्ष 1993 में बतौर सब-इंस्पेक्टर नौकरी ज्वाइन की थी। वह मणिपुर, राजस्थान, पंजाब सहित कई राज्यों में होम मिनिस्ट्री के तहत अपनी सेवाएं दे चुके हैं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि देश के खुफिया विभाग में तैनाती होने के कारण वह अपनी पोस्टिंग के बारे में परिवार को कभी जानकारी नहीं देते हैं। कई बार तो महीनों तक परिवार से संपर्क तक नहीं करते। सुरेंद्र सिंह टाइगर के भाई मोहल लाल व बहन मोहिनी दिसोदिया ने बताया कि देश विरोधी ताकतों के खिलाफ कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने पर उन्हें यह पदक मिला है।