हांसी। तीन कृषि कानूनों को लेकर भाजपा व जेजेपी नेताओं के खिलाफ किसानों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। शनिवार को दोपहर साढ़े तीन बजे किसानों ने रामायण टोल प्लाजा पर राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा की गाड़ी को रुकवाकर उन्हें काले झंडे दिखाए। अपने बयानों पर माफी मांगने के बाद ही उन्हें आगे जाने दिया गया। गाड़ी में जांगड़ा के साथ एक महिला भी साथ बैठी थी।
काले झंडे किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष कुलदीप खरड़ के नेतृत्व में दिखाएं गए। कुलदीप खरड़ ने कहा कि रामचंद्र जांगड़ा ने दो से तीन बार किसानों के खिलाफ गलत ब्यान बाजी की थी। जिसको लेकर किसानों में काफी गुस्सा बना हुआ था। रामचंद्र जांगड़ा हिसार से रोहतक की ओर जा रहे थे। खरड़ ने कहा कि रामचंद्र जांगड़ा ने किसानों के प्रति दिए ब्यान पर माफी मांगने के बाद ही उनकी गाड़ी को टोल से जाने दिया गया। कुलदीप खरड़ ने कहा कि आज पूरा देश शहीदों को याद कर रहा हैं मगर भाजपा के नेता तिरंगे का अपमान करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार तीनों कानूनों को वापस नहीं लेती, हमारा जेजेपी व बीजेपी नेताओं के खिलाफ विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आज तक करीब 700 किसान शहीद हो चुके हैं भाजपा का एक भी ब्यान नहीं आया जो एक निंदनीय है।