हिसार। गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (जीजेयू) में वीरवार को प्रशासनिक भवन में कार्यरत सभी कर्मचारी सामूहिक अवकाश लेकर धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों ने कहा कि जीजेयू प्रशासनिक भवन में वीसी ऑफिस व रजिस्ट्रार ऑफिस को छोड़कर बाकी सभी कार्यालयों के कर्मचारी पेयजल समस्या से परेशान हैं, इस भवन में लगे वाटर कूलर खराब हैं। ए ग्रेड की यूनिवर्सिटी होने के बाद भी यहां के कर्मचारी पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं।
कर्मचारियों ने कहा कि शौचालयों में सफाई नहीं है। उमस भरी गर्मी में परेशान कर्मचारियों को कूलर तक नहीं दिए जा रहे हैं। प्रशासनिक भवन के विभिन्न कार्यालयों में जो कूलर लगे हैं उनमें से अधिकतर कूलर खराब हो चुके हैं। वहीं वीसी व रजिस्ट्रार ऑफिस के सभी वाटर कूलर और एसी ठीक चल रहे हैं। धरने पर बैठे कर्मचारियों की मांग को लेकर जीजेयू नॉन टीचिंग कर्मचारी संघ के प्रधान विरेंद्र भारद्वाज व परीक्षा नियंत्रक डॉ. यशपाल वीसी से मिलने उनके कार्यालय में गए। कर्मचारियों के आरोप है कि वीसी ने उनकी समस्या को ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया।
समस्या के समाधान के लिए कमेटी गठित
जीजेयू नॉन टीचिंग एसोसिएशन के प्रधान विरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि दोपहर बाद वीसी ने हमारे मांग पूरी करने लिए संबंधित अधिकारियों की एक कमेटी का गठन कर दिया है। उन्होंने बताया कि पीनेे के पानी व शौचालयों की समस्या का एक दिन में समाधान हो जाएगा। कार्यालय में ऐसी व कूलर का समाधान भी एक सप्ताह में हो जाएगा।
कर्मचारियों की मांगों का समाधान कर दिया गया है। भविष्य में उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
प्रो. वीके बिश्नोई, प्रॉक्टर, जीजेयू