28जेएनडी18-सीआईए स्टाफ की गिरफ्त में लूट की वारदात को अंजाम देने के आरोपी। संवाद
सफीदों/हिसार। सीआईए स्टाफ सफीदों ने एसबीआई हाट रोड सफीदों से 20 जनवरी को बुजुर्ग दंपती की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर 44 हजार रुपये, मोबाइल फोन और बैग छीनने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान बागड़ू कलां निवासी अंकित, हिसार के ढाणा कलां निवासी तुलसी उर्फ डेविल और आशीष उर्फ काला व ढाणा खुर्द निवासी हिमांशु उर्फ बाबा के रूप में हुई है।
सीआईए इंचार्ज एएसआई कमल सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ सफीदों की एक टीम शनिवार को एएसआई जलोरा सिंह के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन सफीदों के पास मौजूद थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि एसबीआई के पास आंखों में मिर्च डालकर नकदी, मोबाइल फोन छीनने के आरोपी ईको वैन में गैस गोदाम रोड सफीदों की तरफ आएंगे। इस पर सीआईए ने गैस गोदाम रोड पर नाकाबंदी करके ईको गाड़ी से चार युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड हासिल किया है।
हाट निवासी बलबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 20 जनवरी को वह अपनी पत्नी सावित्री के साथ दोपहर में एसबीआई से बाहर निकले तो वहां खड़े दो युवकों ने उनकी आंखों में मिर्च का पाउडर फेंकर बैग से 44 हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया। बचाव करने पर उसकी पत्नी को धक्का दे दिया। युवक बैग छीनकर हाट गांव की तरफ भाग गए।।
बुजुर्ग दंपती की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर 44 हजार, मोबाइल फोन और बैग छीनने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
-कमल सिंह, इंचार्ज, सीआईए सफीदों