जहाजपुल चौक से लेकर बरवाला चुंगी तक फोरलेन बनाने की हुई सीएम घोषणा पर निगम ने वर्क शुरू कर दिया है। निगम ने घोषणा के बाद इसका एस्टीमेट बनाकर टेक्निकल अप्रूवल के लिए चीफ इंजीनियर के पास मुख्यालय भेज दिया है। साथ ही सरकार से इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए बजट की डिमांड की है। जैसे ही टेक्निकल अप्रूवल व बजट निगम में आएगा फोरलेन का काम शुुरू हो जाएगा।
करीब 1 किलोमीटर लंबा है फोरलेन पार्ट टू
निगम अधिकारियों ने बताया कि पहले फेज में सब्जीमंडी से जहाज पुल चौक तक फोरलेन बन चुका है। दूसरे पार्ट में इसे जहाजपुल से बरवाला चुंगी तक बनाया जाना है। इस फोरलेन की लंबाई करीब 1 किलोमीटर 50 मीटर है। दोनों तरफ इस रोड पर फुटपाथ भी होंगे। बीच में डिवाइडर होगा जिस पर ग्रिल लगाई जाएगी।
पड़ाव चौक में अतिक्रमण बड़ी अड़चन
सीएम घोषणा के इस प्रोजेक्ट में अड़ंगा लगने का अंदेशा है। पड़ाव चौक से ऑटो मार्केट की तरफ जा रहे रोड पर अतिक्रमण है। लोगों ने सड़क पर अतिक्रमण बढ़ाया हुआ है। सड़क के हिस्से पर एक मकान भी बना हुआ है। दूसरे हिस्से पर वहां के एक समुदाय के पशु खड़े रहते हैं। यहां सालों से कब्जा है। प्रशासन ने कई बार यहां से अतिक्रमण हटाने की कोशिश की है मगर अतिक्रमण हटाने में प्रशासन को कभी कामयाबी नहीं मिली।
करीब 60 फुट चौड़ा है रोड
जहाजपुल चौक से लेकर बरवाला चुंगी तक करीब 60 फुट चौड़ा रोड बनेगा। हालांकि अलग अलग स्थानों पर कहीं 55 फुट, कहीं 65 फुट तक चौड़ा रोड है। औसतन रोड की चौड़ाई करीब 60 फुट है।
हमने एस्टीमेट बनाकर टेक्निकल अप्रूवल के लिए मुख्यालय फाइल भेज दी है। जैसे ही टेक्निकल अप्रूवल व सरकार से बजट मिल जाएगा काम शुरू हो जाएगा। एस्टीमेट करीब 3 करोड़ 61 लाख का बना है।
- प्रवीन कुमार, म्यूनिसिपल इंजीनियर नगर निगम