हैंडलूम शोरूम में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
हिसार की राजगुरु मार्केट में स्थित एक हैंडलूम के शोरूम में बुधवार दोपहर को अचानक आग लग गई। सूचना पाकर दमकल की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस घटना में शोरूम में रखा कुछ सामान जल गया।
मद्रास हैंडलूम शोरूम के मालिक संजय ग्रोवर ने बताया कि दोपहर 12 बजे अचानक शोरूम की लाइट एक धमाके के साथ बंद हो गई। जब उन्होंने देखा तो शोरूम के गोदाम में लिफ्ट के पास रखे सामान में आग लगी हुई थी जिससे गोदाम में धुआं धुआं हो गया था। इस पर शोरूम के कर्मचारियों ने तुरंत खिड़कियों में लगे शीशे तोड़ दिए ताकि धुआं बाहर निकले। साथ ही दमकल विभाग को सूचित कर दिया गया।
सूचना पाकर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाना शुरू किया। बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर आग लगने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में थोड़ा समय लगा लेकिन जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया। शोरूम के मालिक के अनुसार इस घटना में उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।