हरियाणा के फतेहाबाद शहर के इंद्रपुरा मोहल्ला में मंगलवार देर शाम को फाइनेंसर शक्तिनगर निवासी ईश्वरपाल पर तीन युवकों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल फाइनेंसर को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल लाया गया। यहां से अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया गया। रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र भी मौके पर पहुंचे। हमले में साथी शक्तिनगर निवासी सुशांत भी घायल हुआ है।
मामले के मुताबिक शक्ति नगर निवासी ईश्वरपाल फाइनेंस का काम करता था। मंगलवार शाम को वह अपने साथी सुशांत के साथ इंद्रपुरा मोहल्ला से गुजर रहा था, इस दौरान दो से तीन युवकों ने हमला कर दिया। ईश्वरपाल ने भागने का प्रयास किया लेकिन हमलावर तेजधार हथियार से हमला करते रहे। पीठ, सिर पर तेजधार हथियार से हमला किया गया। हमले में बीच बचाव करने आए सुशांत को भी चोट मारी गयी।
यह भी पढ़ें : फतेहाबाद: फिल्मी स्टाइल में दिनदहाड़े पेट्रोल पंप के कारिंदे को लूटा, सात मिनट में 3.10 लाख लूट ले गए नकाबपोश
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और हमलावर फरार हो गए। दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से ईश्वरपाल को अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया गया। वहीं परिजनों का आरोप है कि ईश्वरपाल पर बाल्मीकि चौक निवासी युवक और हिसार से आए उसके दो साथियों ने पैसे के लेनदेन को लेकर हमला करके हत्या की है।
शहर के इंद्रपुरा मोहल्ला में युवक पर हमला हुआ उसे उपचार के लिए अग्रोहा रेफर किया गया। युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया। परिजनों के बयान पर कार्रवाई की जाएगी।
- जगदीश चंद्र, शहर थाना प्रभारी