नारनौंद। गांव खेड़ी जालब में सिंचाई को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्र पर कस्सी-लाठियों से हमले का मामला सामने आया है। घायलों को पहले नागरिक अस्पताल नारनौंद ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद यहां से उन्हें गंभीर हालत के चलते हिसार रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी जयबीर, सुमन, संयम और गौरव के खिलाफ खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
जांच अधिकारी कृष्ण कुमार के अनुसार, खेड़ी जालब निवासी हरिकेश ने पुलिस को दिए बयान में बताया। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे वह अपने खेत में सिंचाई के लिए गया था। जब वह नाली से पानी तोड़ने लगा, तो गांव के जयबीर, उसकी पत्नी सुमन और बेटे संयम व गौरव वहां पहुंच गए।
आरोप है कि चारों ने उसे पानी तोड़ने (लगाने) से रोका। इस दौरान सुमन, संयम और गौरव ने हरिकेश को पकड़ा। जयबीर ने कस्सी से उसके सिर पर वार कर दिया। इसके बाद संयम व गौरव ने लाठियों से हमला कर उसे घायल कर दिया।
शोर सुनकर हरिकेश के पिता गुलाब सिंह मौके पर पहुंचे जिन पर आरोपियों ने कस्सी व लाठियों से हमला किया। दोनों घायलों को नारनौंद अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें हिसार रेफर कर दिया गया। गुलाब सिंह की गंभीर हालत के कारण वे बयान नहीं दे पाए जबकि हरिकेश के बयान पर कार्रवाई हुई। मेडिकल रिपोर्ट में गुलाब सिंह को तीन और हरिकेश को दो चोटें दर्ज हैं।