विरोध जताकर चूड़िया दिखाते किसान।
- फोटो : Sirsa
रोड़ी (सिरसा) सोमवार को विद्युत, अक्षय ऊर्जा एवं जेल मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने रोड़ी में डीएचबीवीएन के उपमंडल अधिकारी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान किसानों ने विद्युत मंत्री रणजीत सिंह का विरोध भी जताया।
किसानों ने जिलाध्यक्ष आदित्य देवीलाल व पूर्व विधायक बलकौर सिंह को निशाने पर लेते हुए उन्हें चूड़ियां दिखाई। विद्युत मंत्री जब मंच पर पहुंचे तो आक्रोशित किसानों ने मंच के पास आकर नारेबाजी शुरू कर दी। किसानों को हटाने के लिए पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जिसके बाद विद्युत मंत्री मंच से नीचे उतरकर किसानों के बीच आ गए और उनकी बात सुनी। किसानों ने कहा कि 2020-21 में गुलाबी सुंडी के प्रकोप से जो फसल खराब हुई थी उसका उन्हें अभी तक कोई मुआवजा नहीं मिला। इसके अलावा किसानों ने ये भी पूछा कि जो पुरानी मोटरें चल रही हैं उनसे सरकार को क्या दिक्कत है। उन्होंने कहा कि पंजाब की तर्ज पर हरियाणा में भी मोटरों का कोई बिल नहीं आना चाहिए। किसानों की सुनने के बाद विद्युत मंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे उनकी कोठी पर आएं और वहां पर बैठकर बात करें। उनकी जो भी मांगें हैं उनका हल अवश्य निकालेंगे। इस आश्वासन के बाद विद्युत मंत्री फिर से मंच पर आए और अपना संबोधन शुरू किया। वहीं किसानों ने विद्युत मंत्री से ये भी पूछा कि दिल्ली आंदोलन में जिन किसानों ने जान गंवाई है उन पर वे क्या कहेंगे। जिस पर विद्युत मंत्री ने कहा कि ये मामला केंद्र सरकार का है।